फोटो संख्या:71- दुकानदार के चालान करती नपा की टीम--संवाद
महेंद्रगढ़। शहर में बढ़ते अतिक्रमण की शिकायतों के बाद नगर पालिका ने बुधवार को बाजारों में अभियान चलाया। टीम ने मुख्य बाजारों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में पहुंचकर सड़क और नालियों पर रखा सामान हटवाया।
नगर पालिका एमई राजेश कौशिक के नेतृत्व में टीम दोपहर करीब तीन बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली और कर्मचारियों के साथ बाजार पहुंची। टीम को देखकर कई दुकानदारों ने खुद ही सामान समेटना शुरू कर दिया। अभियान के दौरान शंकर मार्केट, बालाजी चौक और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के आसपास से तिरपाल, मेज, फ्लैक्स, रेहड़ी, कैरेट सहित अन्य सामान हटाकर जब्त किया गया।
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण पैदल यात्रियों को परेशानी होती है और बाजार में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। दुकानदारों को पहले ही सड़क और नालियों पर सामान नहीं रखने की चेतावनी दी गई थी।
अभियान के दौरान सात दुकानदारों के 200-200 रुपये के चालान किए गए। वहीं पॉलिथीन रखने वाले चार दुकानदारों पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया और पॉलिथीन जब्त की गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका ने शहरवासियों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है।