मंडी अटेली एनएच कार्यालय के पास शनिवार को एनएच के निर्माण कार्य के दौरान रोड रोलर पलटने से चालक की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचाया। पुलिस ने चालक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के आने बाद रविवार को पोस्टमार्टम होगा।
पुलिस के अनुसार शनिवार को अटेली मंडी में पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। जिस पर रोड रोलर चल रहा था। कार्य करते समय रोड रोलर अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा। रोड रोलर चालक उसके नीचे दब गया। पुल पर काम कर रहे मजदूरों के शोर मचाने पर एनएच कार्यालय से अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रोड रोलर चालक को बड़ी मशक्कत से जेसीबी की सहायता से बाहर निकाला, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। उतर प्रदेश प्रांत के जिले जालौन के गांव लोना निवासी अतिश एनएच के काम में 18 नवंबर 2019 से लगा हुआ था। एनएच के अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची अटेली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचाया। पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।