फोटो नंबर-17जर्जर हाल में सैन चौक की सड़क। संवाद
नारनौल। शहर के सैन चौक की जर्जर सड़क के निर्माण को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। करीब 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का शिलान्यास हुए 15 दिन बीत चुके हैं लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। शिलान्यास के दौरान हुई राजनीतिक चर्चाओं के बीच अब लोगों को काम शुरू होने का इंतजार है।
सड़क के शिलान्यास के लिए विधायक ओमप्रकाश यादव और नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी के पहुंचने की प्रतीक्षा की जा रही थी। काफी इंतजार के बाद मोहल्ले के लोगों ने बुजुर्गों के हाथों शिलान्यास करवा दिया। कार्यक्रम की पूरी तैयारी पार्षद काशीराम ने की थी।
उस दौरान ठेकेदार बुलडोजर लेकर काम शुरू करने की तैयारी के साथ पहुंचा था, लेकिन इसके बाद न काम शुरू हुआ और न ठेकेदार दोबारा आया। सोशल मीडिया पर सड़क का दोबारा शिलान्यास कराने की चर्चा भी चली, पर 15 दिन में न दोबारा शिलान्यास हुआ और न निर्माण शुरू हुआ।
रोज झेल रहे परेशानी
जमालपुर से सैन चौक होकर गुजरने वाली यह सड़क शहर के प्रमुख मार्गों में है। यहां से स्कूली बसों सहित बड़ी संख्या में वाहन निकलते हैं। सड़क की हालत पूरी तरह खराब होने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को रोज परेशानी हो रही है।
जल्द निर्माण की मांग
सैन सभा के प्रधान मुकेश सैन ने कहा कि 15 दिन बाद भी काम शुरू न होना चिंता की बात है और इसके पीछे कोई कारण जरूर होगा। विधायक और चेयरपर्सन की गैरमौजूदगी में शिलान्यास होना भी एक वजह हो सकती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को इन बातों से ऊपर उठकर आमजन की परेशानी को प्राथमिकता देनी चाहिए।
दो-तीन दिन में शुरू होने की उम्मीद
पार्षद काशीराम ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर कोई विवाद नहीं है। काम शुरू कराने के लिए उनके स्तर पर लगातार प्रयास हो रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि अगले दो-तीन दिन में निर्माण शुरू हो जाएगा।
वर्जन:
सैन चौक की सड़क निर्माण का शिलान्यास से कोई लेना देना नहीं। यह कार्य प्रक्रिया के अनुसार तय समय सीमा होता है। अगर सभी प्रक्रिया पूरी हो गई होगी तो सड़क निर्माण जल्द शुरू करवा दिया जाएगा।
-राकेश पुनिया, एक्सईएन नगर परिषद, नारनौल।