महेंद्रगढ़/नारनौल। हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल्स संबंधित भारतीय मजदूर संघ से जुड़े जिले के कंप्यूटर ऑपरेटर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हड़ताल के दूसरे दिन जिलेभर में करीब 9 करोड़ रुपये का राजस्व प्रभावित हुआ।
हड़ताल के चलते मंगलवार को एसडीएम, तहसील कार्यालय व सरल केंद्र में जमीनों की रजिस्ट्री, रिहायशी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, इंतकाल, जमाबंदी, फर्द, वाहन रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस, पटवारियों से संबंधित कार्य सहित ऑनलाइन काम प्रभावित हुए। सुबह से ही लोग अपने कार्य को लेकर इधर-उधर भटकते नजर आए। हड़ताल के चलते सरल केंद्र में कुर्सियां भी खाली रही।
जिला प्रधान प्रवीन सैनी ने बताया कि उनकी मुख्य मांगें सभी डीआईटीएस का केंद्रीयकरण करके बजट का प्रावधान किया जाए, सभी कार्यरत्त कर्मचारियों के पद सर्जित किए जाए, एचकेआरएनएल में भेजे गए सभी कर्मचारियों को वापिस डीआइटीएस में शामिल किया जाए, समान काम समान वेतन दिया जाए, 58 वर्ष तक सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए, सरकार रेगुलाइजेशन एक्ट लेकर आती है, उसमें डीआईटीएस को शामिल कराना हैं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी कंप्यूटर ऑपरेटर नारनौल लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे गए है। इस मौके पर रविराज, अनिल कुमार, प्रवीन सैनी, राजेश शर्मा, वीरेंद्र राव, विकास, अनिल कुमार शर्मा, कपिल कुमार, राजीव शर्मा, सुनील सैनी, दीपक कुमार, रमेश सैनी, पंकज कुमार, अशोक कुमार, अनिता, भूपेंद्र सचदेवा उपस्थित रहे।
हड़ताल के चलते यह कार्य हुए प्रभावित
जिले में 99 कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर पर रहने के कारण जिलेभर के सरल केंद्र, तहसील कार्यालयों, एसडीएम कार्यालय में 250 जमीनों की रजिस्ट्री, 300 रिहायशी प्रमाण पत्र, 280 जाति प्रमाण पत्र, 500 इंतकाल, 500 जमाबंदी, फर्द, 200 वाहन रजिस्ट्रेशन, 200 ड्राइविंग लाइसेंस इत्यादि सहित दर्जनों ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुई। इस प्रकार के कार्यों के लिए आने वाले लोगों को खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ा। उपमंडल महेंद्रगढ़ में एसडीएम व तहसील कार्यालय में 17 कंप्यूटर ऑपरेटर, कनीना के एसडीएम व तहसील कार्यालय में 13, नारनौल के डीसी, एसडीएम व तहसील कार्यालय में 59 कंप्यूटर ऑपरेटर, अटेली के तहसील कार्यालय में 5 कंप्यूटर ऑपरेटर, नांगल चौधरी के एसडीएम व तहसील कार्यालय में 5 कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यरत हैं। हड़ताल पर होने के कारण दूसरे दिन जिले में करीब 9 करोड़ रुपये का राजस्व प्रभावित रहा।
वह अपने बेटे का कॉलेज में दाखिले को लेकर सुबह लघु सचिवालय रिहायशी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए गया था। वहां पर जाकर पता चला कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल चल रही है। उसे वापस लौटना पड़ा।
-धनश्याम दास
वह अपनी जमीन की जमाबंदी व नकल निकलवाने के लिए तहसील कार्यालय में गया था। वहां पर कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल के चलते कुर्सियां खाली होने के कारण उनको निराश होकर वापस लौटना पड़ा। प्रशासन को कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल के चलते किसी दूसरे कर्मचारियों की ड्यूटी लगानी चाहिए ताकि लोगों को परेशानी न हो।
-रामनिवास पाटोदा