महेंद्रगढ़। आठवें वेतन आयोग में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन का दोबारा निर्धारण करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को पीआर लोहारू रिटायर्ड एम्पलाई एसोसिएशन की ओर से महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर सांकेतिक धरना दिया गया।
धरने की अध्यक्षता एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने की जबकि संचालन सचिव जेपी यादव ने किया। इसके बाद कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री और रेलमंत्री के नाम स्टेशन मास्टर निरंजन को ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के चेयरमैन एवं सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर हरिकिशन शेखावत ने बताया कि कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के सामने चार प्रमुख मांगें रखी हैं। उन्होंने कहा कि आठवें वेतन आयोग में एक जुलाई 2026 से पहले सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की पेंशन का भी पुनर्निर्धारण किया जाए। सभी पेंशनभोगियों को इसका लाभ मिलना चाहिए।
उन्होंने वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करने और 65 वर्ष की आयु से अतिरिक्त पेंशन देने की मांग उठाई। इसके तहत 65 वर्ष पर 5 प्रतिशत और 70 वर्ष पर 10 प्रतिशत सहित अलग-अलग आयु पर अतिरिक्त पेंशन देने की मांग की गई। 100 वर्ष की आयु पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन देने की मांग भी रखी गई।
इसके अलावा फिक्स मेडिकल भत्ता एक हजार से बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई। इस मौके पर जगदीश प्रसाद, महावीर सिंह, इंद्र सिंह, जेपी यादव और श्रीराम यादव सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।