फोटो नंबर-14नल में सप्लाई किए गए गंदे पानी को दिखाते नांगल चौधरी के लोग। संवाद
नांगल चौधरी। नगर पालिका के वार्ड-12 और वार्ड-5 में गंदे पानी और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोग परेशान हैं। सोमवार को दोनों वार्डों के निवासियों ने एसडीएम उमेद सिंह को शिकायत पत्र सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
वार्ड-12 के चंद्रभान सैनी, कमलेश, दलीप सैनी, बनारसी देवी और पूर्व पार्षद सोनू तंवर सहित लोगों ने बताया कि कई दिनों से घरों के नलों में गंदा और दूषित पानी आ रहा है। इससे पीने के पानी की गंभीर समस्या बन गई है। लोगों को डर है कि दूषित पानी से जलजनित बीमारियां फैल सकती हैं, जिससे बच्चे और बुजुर्ग ज्यादा प्रभावित होंगे।
वहीं वार्ड-5 के लोगों ने बताया कि सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे रास्ते बंद हो रहे हैं और पूरे इलाके में बदबू फैल गई है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
एसडीएम उमेद सिंह ने शिकायत सुनकर संबंधित विभाग को जांच कर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोग अब जल्द राहत की उम्मीद कर रहे हैं।