फोटो नंबर-07राजकीय महिला कॉलेज में सम्मेलन के दौरान अतिथियों का सम्मान करते स्टाफ सदस्य।
नारनौल। विकसित भारत का सपना पूरा करने के लिए शिक्षा, विज्ञान, आर्थिक विकास और जल संरक्षण में तालमेल जरूरी है। इसी उद्देश्य से राजकीय महिला महाविद्यालय में मंगलवार को ‘इंडिया 2047’ विषय पर एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया।
हरियाणा सरकार के उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रायोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने विचार साझा किए।उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी ने की। मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी रहे। समापन सत्र में कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।
वक्ताओं ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं को शोध और नवाचार से जुड़ना होगा। साथ ही सामाजिक समानता, रोजगार, तकनीकी विकास और पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देना जरूरी है। जल संसाधनों का सही उपयोग और इसमें आम लोगों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।
सम्मेलन में अमेरिका और सऊदी अरब के विश्वविद्यालयों सहित जेएनयू और केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा के विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। पांच तकनीकी सत्रों में 150 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए।
कन्वीनर प्रो. आरपी सिंह और आयोजन सचिव डॉ. पवन कुमार सहित आयोजन टीम ने सम्मेलन की सफलता में योगदान दिया।