नारनौल। दीपावली पर शहर को रोशनी से जगमगाना तो दूर, कई स्थानों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटें नगर परिषद के दावों की पोल खोल रही हैं। त्योहार के दौरान भी शहर के अनेक मोहल्लों, गलियों और मुख्य मार्गों पर लाइटें बंद पड़ी हैं।
बाजारों में बढ़ती भीड़ और रात के समय गली-मोहल्लों में लोगों को अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद में रोजाना 10 से 15 शिकायतें पहुंच रही हैं लेकिन मरम्मत कार्य बंद होने से उनका समाधान नहीं हो पा रहा।
दरअसल, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और रखरखाव का जिम्मा संभालने वाली एजेंसी ने भुगतान नहीं मिलने के कारण 10 अक्टूबर से काम बंद कर दिया है। एजेंसी संचालक के अनुसार, इस कार्य के लिए सालाना करीब 27 लाख रुपये का बजट तय था।
नगर परिषद ने केवल तीन महीने का भुगतान किया है जबकि छह महीने का करीब 13 लाख रुपये बकाया है। अधिकारियों से कई बार मांग करने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ तो एजेंसी ने काम बंद कर दिया।
इसका सीधा असर गलियों और कॉलोनियों में दिख रहा है। मिश्रवाड़ा, संघीवाड़ा, शिवजी नगर, सिंघाना रोड, पुल बाजार, खड़खड़ी, रावका, चांदुवाड़ा और जमालपुर सहित कई क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। लोगों का कहना है कि शाम होते ही गलियों में अंधेरा छा जाता है। दीपावली पर बाजारों और सड़कों पर आवाजाही बढ़ने से आमजन को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वार्ड -25 में 250 लाइटें खराब
वार्ड नंबर 25 के पार्षद अजय सिंगल ने बताया कि उनका वार्ड सबसे बड़ा है और अकेले इसी वार्ड में करीब 250 लाइटें खराब हैं। उन्होंने बताया कि पूरे शहर में करीब 15 हजार प्वाइंट हैं, जिनमें से त्योहार के समय भी करीब 4 हजार खराब हैं। वार्ड की लाइटें ठीक करवाने के लिए वे कई दिनों से अधिकारियों को कह रहे हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
वर्जन:
स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और रखरखाव को लेकर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। इसके लिए नई एजेंसी नियुक्त कर दी गई है और टेंडर प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होते ही लाइटों को ठीक करवाया जाएगा।-जोगेंद्र सिंह कालीरामणा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, नारनौल।