महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) के यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (एमएमटीटीसी) द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर केंद्रित ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्स का समापन हो गया।
आयोजन के समन्वयक प्रो. फूल सिंह ने बताया कि कोर्स में कृत्रिम तंत्रिका नेटवर्क, समर्थन वेक्टर मशीनें, निर्णय वृक्ष जैसे मूलभूत विषयों से लेकर समवर्ती तंत्रिका नेटवर्क (सीएनएन), लांग शॉर्ट-टर्म मेमोरी (एलएसटीएम), पाठ खनन, और प्राकृतिक भाषा प्रसंस्करण (एनएलपी) जैसे विषयों पर केंद्रित कुल 48 सत्रों का आयोजन किया गया। पाठ्यक्रम में संसाधन प्रबंधन, प्रशासन, वित्तीय सहायता में एआई अनुप्रयोगों और उच्च शिक्षा में इसके परिवर्तनीय प्रभाव जैसे क्षेत्रों को भी शामिल किया गया।
हकेंवि में एमएमटीटीसी के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार व उपनिदेशक प्रो. सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि इस पाठ्यक्रम में देशभर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 150 से अधिक शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने प्रतिभागिता की। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।