फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रीना चेयरमैन तो रमेश वाइस चेयरमैन नियुक्त

Thu, 07 Jul 2016 11:15 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
victory
विज्ञापन
महेंद्रगढ़। नगर पालिका चेयरमैन की कुर्सी का ड्रामा एक पखवाड़े बाद वीरवार को समाप्त हो गया। वार्ड-14 की रीना गर्ग को चेयरमैन और वार्ड-4 से रमेश बोहरा को सभी पार्षदों ने सर्वसहमति से वाइस चेयरमैन चुन लिया। चुनाव के मद्देनजर नगर पालिका परिसर और सदन में भारी संख्या में पुलिस के जवान तैनात थे। चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के समर्थकों ने चुनाव के बाद जुलूस निकालकर एक दूसरे को अबीर- गुलाल लगाकर बधाई दी। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई। जुलूस शहर के बाजारों और मोहल्लों से निकाला गया। चुनाव होने के बाद सभी पार्षद शिक्षामंत्री से मिलने के बाद बाबा जयरामदास मंदिर पाली के लिए रवाना हो गए।
विज्ञापन

नगर पालिका चुनाव के लिए सभी पार्षद भ्रमण करने के बाद वीरवार को 12:50 बजे विश्रामगृह पहुंचे। इसके बाद शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचे और पार्षदों की बैठक ली। बैठक में दो-दो पार्षदों को बुलाकर एक बार फिर राय जानी गई। अंत में मंत्री ने रीना गर्ग के नाम पर चेयरमैन और रमेश बोहरा के नाम पर वाइस चेयरमैन की मुहर लगा दी। मंत्री ने सभी पार्षदों को पूरी चुनाव प्रक्रिया से भी अवगत करवाया। सदन में पार्षदों ने रीना गर्ग को सर्वसहमति से चेयरमैन और रमेश बोहरा को वाइस चेयरमैन चुना। इसके बाद कार्यकर्ताओं और विजेताओं के समर्थकों ने जुलूस निकालकर होली और दिवाली एक साथ मनाई।

एक दिन पहले ही लग चुकी थी मोहर
प्रो. शर्मा ने एक दिन पहले ही वार्ड-5 से पार्षद रीना गर्ग के पति सुरेंद्र बंटी को इशारा कर दिया था। इसके बाद मंत्री ने पार्षदों को नीमराणा भेज दिया। जब रीना गर्ग को चेयरमैन बनाने की बात लोगों को पता चली तो शहर के कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और रात्रि के समय शिक्षामंत्री से मिले। मंत्री ने आश्वासन दिया कि जो होगा अच्छा ही होगा। जब रीना गर्ग के चेयरमैन बनने की बात शहर में फैली तो रात्रि में ही लोगों ने उनके पति सुरेंद्र बंटी को मुबारकबाद देना शुरू कर दिया और व्हाट्स पर बंटी और रीना भाभी छाए रहे।
विज्ञापन


शपथ के बाद हुआ शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया
चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले महेंद्रगढ़ नगरपालिका के सभी पार्षदों को निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम उमेद सिंह मोहन द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद पार्षदों की राय जानी गई जिसके अंतर्गत वार्ड नंबर एक से पार्षद डॉ. तरुण यादव ने रीना गर्ग का नाम प्रधान पद के लिए प्रपोज किया। इसका वार्ड नंबर 11 से पार्षद नरेंद्र खन्ना ने अनुमोदन किया और सभी पार्षदों ने इस पर सहमति जता दी। इसी प्रकार उपप्रधान पद के लिए रमेश बोहरा को वार्ड नंबर-2 से पार्षद मनीष सैनी ने प्रपोज किया तथा वार्ड  नंबर-1 से डॉ. तरुण यादव ने अनुमोदन किया और अन्य सभी पार्षदों ने सहमति  दी। इस प्रकार प्रधान और उपप्रधान पद के लिए बिना किसी विरोध के चुनाव पूरा हो गया।

शहर का विकास पहली प्राथमिकता:
वार्ड-14 से पार्षद एवं नवनियुक्त चेयरपर्सन रीना बंटी ने शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, सभी पार्षदों एवं क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शहर का विकास ही है। शहर को एक आदर्श नगर बनाया जाएगा। सभी कार्यों में पारदर्शिता लाई जाएगी और भ्रष्टाचार को खत्म किया जाएगा। रीना गर्ग पहली बार पार्षद के चुनाव में खड़ी हुई और सबसे अधिक करीब 600 वोटों से जीत दर्ज की थी। रीना भारत विकास परिषद् महेंद्रगढ़ शाखा से सदस्य भी हैं। रीना बीकॉम, बीएड पास हैं।

समान विकास
वार्ड -4 से पार्षद एवं नवनियुक्त उपप्रधान रमेश बोहरा ने शिक्षामंत्री, सभी पार्षदों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया है। उन्होंने बताया कि शहर का विकास करना ही उनकी प्राथमिकता है। शहर के सभी वार्डों में समान विकास करवाया जाएगा। किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। रमेश बोहरा लगातार दूसरी बार पार्षद बने हैं। वे 12वीं पास हैं।


इस संबंध में निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम उमेद सिंह मोहन ने बताया कि  रीना गर्ग को चेयरमैन और रमेश बोहरा को वाइस चेयरमैन बनाया गया है। दोनों पर ही पार्षदों ने सर्वसहमति जताई है।


शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने नवनियुक्त चेयरमैन रीना गर्ग और वाइस चेयरमैन  रमेश बोहरा को जीत पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अपने जिले की तीनों  नगर पालिका में सर्वसहमति से चेयरमैन चुनने का वादा किया था। यह आज पूरा हो गया है। नांगल चौधरी, नारनौल और महेंद्रगढ़ की तीनों नगरपालिका मेें सर्वसहमति से चेयरमैन बनाए गए हैं।

बाक्स:
ये रहा शेड्यूल
11:20 बजे सभी पार्षद टूरिस्ट बस में सवार होकर नीमराणा से चले।
12.50 बजे पार्षद पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचे।
01.15 बजे शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा विश्राम गृह पहुंचे
01.20 पर पार्षदों से मीटिंग शुरू हुई।
02.05 पर मीटिंग खत्म हो गई।  
02.15 पर सभी पार्षद टूरिस्ट गाड़ी में बैठकर नगरपालिका के लिए रवाना हुए।
02.20 पर सभी पार्षद नगरपालिका पहुंचे
02.35 बजे रीना बंटी को सर्वसहमति से पार्षदों ने प्रधान चुना। इसके बाद दस मिनट चाय का ब्रेक हुआ।
02.45 बजे रमेश बोहरा को सर्वसहमति से उपप्रधान चुना।
03.00 बजे सभी पार्षद प्रक्रिया पूरी कर गाड़ी में बैठकर रेस्ट हाउस वापस चले गए। वहां शिक्षामंत्री से मिले।

मौके पर यह लोग रहे मौजूद
इस मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं तहसीलदार दिनेश कुमार, डीएसपी बिरम सिंह, सदर थाना के एसएचओ रणजीत सिंह, शहर थाना इंचार्ज गुलाब सिंह,  नगर पालिका सचिव राजाराम, एमई अंकित वशिष्ठ, महेंद्रगढ़ के सभी 15 वार्डों के निर्वाचित पार्षदों के अलावा जिला प्रमुख राजेश देवी यादव, पप्पल यादव, पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक, भाजपा के पूर्व जिला प्रधान कंवर सिंह यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें