नारनौल। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने हरियाणा में गेहूं और सरसों की सरकारी खरीद प्रक्रिया को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नए नियम किसानों को परेशान करने और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीद से बचने की नायब साजिश है।
उन्होंने कहा कि सरकार की नई नियमावली अनुसार किसान को अपनी फसल अपने ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में लानी होगी। ट्रॉली पर रजिस्ट्रेशन नंबर साफ लिखा होना चाहिए। मंडी गेट पर ट्रॉली और नंबर की फोटो ली जाएगी जिसे सरकार के मेरी फसल, मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपलोड करना जरूरी होगा। उसके बाद ही गेट पास मिलेगा। फसल मंडी लाने का समय सुबह 6 बजे से शाम 8 बजे तक सीमित है। उसके बाद गेट पास नहीं मिलेगा।
हर पंजीकृत किसान को खुद मंडी जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा। उठान के लिए मार्केट कमेटी सचिव, खरीद एजेंसी अधिकारी और ट्रांसपोर्टर तीनों के अलग-अलग हस्ताक्षर जरूरी हैं, ऐसे नियम किस के लिए भारी परेशानी पैदा कर रहे हैं।
राव ने कहा कि कंबाइन हार्वेस्टर से कटाई दिन-रात चलती है, फसल रात में भी मंडी पहुंचती है। सरकार किराए की ट्रॉली को कमर्शियल यूज की अनुमति भी नहीं देती। उन्होंने कहा यदि किसानों की समस्याओं को जल्द हल न किया गया तो कांग्रेस किसानों के समर्थन में सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी।