ओलावृष्टि से हुए नुकसान की जानकारी देने के लिए शनिवार को किसानों ने शिकायत दर्ज कराई। कृषि विभाग में फार्म का प्रारूप नंबर एक जमा कराया। उपमंडल के सतनाली क्षेत्र के आसपास के किसानों ने फार्म जमा कराए हैं। रविवार को अवकाश के दिन भी किसान अपना फार्म जमा करा सकेंगे। फसल बीमा योजना के तहत किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। विशेष गिरदावरी के आदेश भी आ गए हैं। शनिवार को 70 किसानों ने शिकायत दर्ज कराई है।
वीरवार की देर रात हुई ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। फसल बीमा योजना के तहत आने वाले किसानों ने कृषि विभाग में अपनी शिकायत दर्ज कराई है।किसानों को फसल नुकसान के 72 घंटे में सूचना देनी जरूरी है। महेंद्रगढ़ उपमंडल ,कनीना उपमंडल , सतनाली क्षेत्र के किसानों की शिकायत महेंद्रगढ़ में ली जाएंगी।नारनौल, नांगल चौधरी,अटेली के किसानों की शिकायत नारनौल कृषि विभाग में ली जाएंगी। किसान रविवार को भी अवकाश के दिन अपने आवेदन जमा करा सकेंगे। इसके लिए कृषि विभाग के अधिकारी सुबह दस से शाम चार बजे तक उपस्थित रहेंगे।
गांव मंढाणा, सेखा, बुडीन, सोहला, ढाढोत, बलाना, बलायचा, निंबेहड़ा, राजवास, जवाहर नगर, नंगला, पथरवा, बास, सतानाली गांव में फसलों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है। सबसे अधिक नुकसान सरसों की फसल हो हुआ। सरसों की अगेती फसल में फूल आए हुई हैं। ओलावृष्टि से काफी हद तक फूल गिर गए हैं। जिससे पैदावार में काफी कमी आएगी। शनिवार को महेंद्रगढ़ में 40, नारनौल में 30 शिकायत दर्ज कराई गई है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिन किसानों ने अभी बीमा नहीं कराया है वह 31 दिसंबर तक बीमा करा सकते हैं।
किसान यह लेकर आएं
- केसीसी की प्रति
- आधार कार्ड की प्रति
- केसीसी बैंक पासबुक की प्रति
- फसल खराब होने वाले खेत का आर्डर नंबर
- लोन न लेने वाले किसान फसल बीमा कराने की प्रति
- इस साल बीमा नहीं करा सके किसान पुराने बीमे की प्रति लेकर आएं
क्षेत्र में गिरदावरी के आदेश आ गए हैं। इस बारे में निर्देश जारी किए जाएंगे। पटवारी सोमवार से अपने अपने एरिया की गिरदावरी करेंगे। किसानों अपनी शिकायत व्यक्तिगत तौर पर भी कृषि विभाग को दें। जिससे फसल बीमा योजना के तहत भी किसानों को मदद मिल सके।
- राजकुमार, जिला राजस्व अधिकारी, महेंद्रगढ़
टोल फ्री नंबर पर भी दें शिकायत
बीमा संबंधी किसान अपनी शिकायत टोल फ्री नंबर पर भी दर्ज करा सकते हैं। किसान अपनी शिकायत का नंबर प्राप्त कर लें। किसान 18001802117 नंबर पर शिकायत दें। किसान महेंद्रगढ़ के कृषि विभाग कार्यालय में भी शिकायत दे सकेंगे। शनिवार को अनिल यादव, संदीप कुमार, देवेंद्र कुमार, विकास की टीम ने शिकायत ली।