विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं का अनुभव करवाने व उनकी मानसिक दक्षता बढ़ाने के मकसद से राह ग्रुप फाउंडेशन जनवरी 2020 में एचबीटीएसई (हरियाणा बिगेस्ट टैलेंट सर्च एग्जाम) नामक प्रतिभा खोज प्रतियोगिता आयोजित होगी। जिसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले चार हजार विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। जनवरी के दूसरे सप्ताह के अंत में आरंभ होने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के 58 स्कूलों के विद्यार्थी भाग लेंगे।
राह क्लब महेंद्रगढ़ के प्रभारी अमित वालिया व राह क्लब सतनाली के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने बताया कि बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित यह परीक्षा प्रदेश के सभी स्कूलों में एक साथ होगी। जिसमें सरकारी व प्राईवेट स्कूलों के विद्यार्थी भाग लेंगे। इसकी 70 फीसदी सामग्री स्कूली पाठयक्रम व 30 फीसदी सामग्री प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न पर आधारित होगी। इसमें 100 प्रश्नों को हल करनके लिए विद्यार्थियों को महज 60 मिनट का ही समय दिया जाएगा।
साथ ही परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग होगी, जिसमें चार गलत जवाब देने पर एक अंक कट जाएगा। ओएमआर पैटर्न पर आधारित इस प्रतियोगिता में कक्षा तीन, चार व पांच (एक समान पेपर-सब जूनियर वर्गं-ए),कक्षा छट्टी, सातवीं व आठवीं (सब जूनियर वर्गं-बी), नौवीं व दसवीं कक्षा को जूनियर व दस जमा एक व दस जमा दो को सीनियर वर्ग में रखा गया है। कक्षा तीन से लेकर दस जमा दो कक्षाओं वाली इस प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में हिन्दी व्याकरण-15 अंक, अंग्रेजी ग्रामर-15 अंक, बेसिक साइंस-15 अंक, गणित-15 अंक, कंप्यूटर ज्ञान-05 अंक व सामान्य ज्ञान-35 अंक शामिल किया जाएगा। इस बहुप्रतिष्ठित प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में सभी वर्गों के टॉपर्स को स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। जिसमें सभी वर्गों में प्रथम रहने वाले विद्यार्थियों को 11000-11000 रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले होनहारों को 5100-5100 रुपये, तीसरे स्थान पर 3100-3100, चतुर्थ स्थान पर 2100-2100 व पांचवें स्थान पर 1100-1100 रुपये की स्कॉलरशिप, ट्राफी व प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। सराहनीय प्रदर्शन करने वाले 4000 विद्यार्थियों को बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। एचबीटीएसई के लिए विद्यार्थी अपने स्कूलों या एकेडमी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।