नारनौल। रेलवे प्रशासन द्वारा सर्दियों की छुट्टियों के लिए अतिरिक्त यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए 48 जोड़ी रेलसेवाओं में 103 डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की जा रही है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि गाड़ी संख्या 22471/22472 बीकानेर-दिल्ली सराय-बीकानेर रेलसेवा में बीकानेर से एक से 31 दिसंबर तक और दिल्ली सराय से तीन दिसंबर से दो जनवरी तक एक सैकेंड एसी व 01 थर्ड एसी श्रेणी डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी की जा रही है। गाड़ी संख्या 20473/20474 दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय रेलसेवा में दिल्ली सराय से एक से 31 दिसंबर तक और उदयपुर सिटी से दो दिसंबर से एक जनवरी तक एक सैकेंड एसी व एक थर्ड एसी श्रेणी डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी की जा रही है। इसके साथ गाड़ी संख्या 12991/12992 उदयपुर सिटी-जयपुर-उदयपुर सिटी सहित 48 ट्रेनों के डिब्बों में बढ़ोतरी की गई है।
रेलवे प्रशासन द्वारा अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए 5 जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं की संचालन अवधि में विस्तार किया है। गाड़ी संख्या 04715/04716 बीकानेर-साईनगर शिर्डी -बीकानेर साप्ताहिक स्पेशल रेल सेवा की संचालन अवधि में विस्तार किया है। वहीं गाड़ी संख्या 04717/04718 हिसार-तिरूपति-हिसार साप्ताहिक स्पेशल रेल सेवा का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ हिसार-हडपसर (पुणे)-हिसार, गाड़ी संख्या 09625/09626 अजमेर-दौंड-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल रेल सेवा की संचालन अवधि में विस्तार किया जा रहा है।