सतनाली। भाजपा की ओर से प्रदेश की 90 विधान सभा सीटों में से 67 पर की गई उम्मीदवारों की घोषणा के बाद महेंद्रगढ़ क्षेत्र के राजपूत समाज में रोष है। वीरवार को सतनाली के लोहारू चौक पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का पुतला फूंक समाज के लोगों ने जमकर नारेबाजी कर विरोध जताया। लोगों का कहना है कि हरियाणा में राजपूत समाज को उम्मीद थी कि भाजपा टिकट वितरण में राजपूत समाज की उम्मीदों पर खरी उतरेगी। लेकिन 67 में से महज एक सीट समाज को देकर समाज की अनदेखी की है।
सतनाली क्षेत्र के राजपूत समाज के लोगों में भारी रोष है। सुबह करीब दस बजे लोहारू चौक पर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रोष जताया। राजपूत समाज के पूर्व जिला प्रधान सवाई सिंह राठौड़ ने कहा राजपूत समाज 80 प्रतिशत बीजेपी को अपना वोट देता है। लेकिन इसके बदले बीजेपी ने टिकट वितरण में समाज की बिल्कुल ही अनदेखी कर दी। समाज के हिस्से 10 टिकट आनी चाहिए थी लेकिन मिली सिर्फ एक। शीर्ष नेतृत्व के इस फैसले ने पार्टी के राजपूत विरोधी होने का उदाहरण दे दिया है। इस दौरान पूर्ण सिंह थानेदार, बजरंग सिंह, बंटी शेखावत, जोगेन्द्र सिंह, मनोज सिंह शेखावत, संदीप शेखावत, बबलू सिंह, महिपाल सिंह राठौड़ सहित अनेक लोग मौजूद रहे।