प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन भिवानी के निजी स्कूल संचालक, अध्यापक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए। उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। रविवार को उन्होंने शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के आवास का घेराव किया और नायब तहसीलदार को शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास के नाम का ज्ञापन सौंपा।
प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन भिवानी के निजी स्कूल संचालक, अध्यापक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी निर्धारित कार्यक्रम अनुसार सोमवार को हुड्डा पार्क में एकत्रित होने के बाद सरकार द्वारा नियम 134ए, बसों के टैक्स बढ़ाए जाने आदि के विरोध में प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के प्रधान रामौतार शर्मा की अध्यक्षता में स्कूल संचालक नगर के बस स्टैंड, आईटीआई रोड़, शापिंग कांपलेक्स, ऑटो मार्केट से होते हुए शिक्षामंत्री के आवास पर पहुंचे।
शिक्षामंत्री के आवास पर नायब तहसीलदार मुख्तयार सिंह व उप पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से 134ए को समाप्त कर आरटीई हरियाणा में लागू करने, पांचवी व आठवीं तक मान्यता प्राप्त स्कूलों को आवश्यक अतिरिक्त कमरे बनावाकर अपग्रेड करने आदि की मांग की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा थोपे गए 134 ए नियम को हटाने में सरकार को कोई दिक्कत आ रही है तो वे बीपीएल कार्ड धारकों के मेधावी बच्चों के खातें में प्रतिमाह 2600 रुपये जमा करवाएं।