नारनौल। नांगल चौधरी-जयपुर रोड पर रविवार रात को हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार पावटा के पुराना मोहल्ला निवासी विक्रमजीत सिंह की मौत हो गई। वह एक निजी कंपनी में मैनेजर थे।
पावटा के पुराना मोहल्ला निवासी विक्रमजीत सिंह (43) की सास की तबीयत कई दिनों से खराब चल रही थी। इसी के चलते उनकी पत्नी शकुंतला 15 दिन पहले अपने मायके नांगल चौधरी मां की सेवा के लिए आ गई थीं।
रविवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर विक्रमजीत शाम को बाइक से नांगल चौधरी आ रहे थे। रास्ते में करीब साढ़े 8 बजे रायमलिकपुर गांव के पास अचानक बाइक के आगे कुत्ता आ गया जिससे बाइक बेकाबू होकर पलट गई।
विक्रमजीत हेलमेट नहीं लगाए थे जिससे सिर में गंभीर चोट आई। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उनको कोटपूतली के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया जहां कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। विक्रमजीत शाहपुरा में एक निजी कंपनी में बतौर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।