फोटो 02: घायलों को एंबुलेंस में ले जाती स्वास्थ्य विभाग की टीम। स्रोत: विभाग
नारनौल। राजकीय पीजी कॉलेज में बुधवार को आयोजित सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल में आपात स्थिति में विभागों की तैयारी, आपसी तालमेल और लोगों को सुरक्षित निकालने की व्यवस्था परखी। इस अभ्यास की अध्यक्षता नगराधीश डॉ. मंगल सेन ने की।
ड्रिल की शुरुआत कॉलेज में आग लगने की काल्पनिक सूचना और अलर्ट से हुई। सूचना मिलते ही अध्यापकों, छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रदर्शन किया जबकि पुलिस ने भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। साथ ही आसपास के ट्रैफिक को डायवर्ट कर राहत टीमों के लिए रास्ता साफ रखा गया।
स्वास्थ्य विभाग और रेड क्रॉस की टीम ने मौके पर प्राथमिक उपचार शिविर लगाया। गंभीर रूप से घायल बताए गए लोगों को प्राथमिकता के आधार पर एंबुलेंस से अस्पताल भेजने का अभ्यास भी किया गया। स्वयंसेवकों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और उनका हौसला बढ़ाने का काम किया।
नगराधीश डॉ. मंगल सेन ने कहा कि ऐसे नियमित अभ्यास आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सतर्कता, सही समय पर सूचना और सभी विभागों के बेहतर तालमेल से किसी भी आपदा का प्रभाव काफी हद तक कम किया जा सकता है।
फोटो 02: घायलों को एंबुलेंस में ले जाती स्वास्थ्य विभाग की टीम। स्रोत: विभाग