कनीना। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा नौवीं के लिए आयोजित होने वाली लेटरल एंट्री चयन परीक्षा के लिए शुक्रवार को परीक्षा केंद्र में बैठक हुई। बैठक में परीक्षा केंद्र पर तैनात किए जाने वाले सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई।
इसके साथ ही परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, परीक्षार्थियों को समय पर उपयुक्त वातावरण उपलब्ध कराने व नवोदय विद्यालय समिति की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
केंद्र अधीक्षक नरेश कुमार कौशिक ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय की चयन परीक्षा राष्ट्रीय स्तर की अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्मिक परीक्षा दिवस पर निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहें व अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करें। परीक्षा केंद्र में प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था, प्रश्न पत्रों का समयबद्ध वितरण, उत्तर पुस्तिकाओं का सुरक्षित संग्रहण एवं परीक्षा उपरांत की सभी औपचारिकताएं निर्धारित नियमों के अनुसार ही संपन्न की जाएंगी।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था व अनुचित गतिविधि पाए जाने पर तुरंत संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा नौवीं लेटरल एंट्री चयन परीक्षा 7 फरवरी को सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी जिसकी अवधि लगभग ढाई घंटे निर्धारित की गई है। इस परीक्षा में कुल 226 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।