नारनौल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से 4 व 5 जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हैं। जिले में 22 परीक्षा केंद्रों पर दो दिन में 12793 अभ्यर्थी परीक्षा में देंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी विश्वेश्वर कौशिक ने बताया कि परीक्षा का आयोजन तीन स्तरों में होगा जिसमें लेवल-1 (पीआरटी), लेवल-2 (टीजीटी) और लेवल-3 (पीजीटी) के लिए किया जाएगा।
इसके लिए नारनौल जिला मुख्यालय और महेंद्रगढ़ उपमंडल में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।
विश्वेश्वर कौशिक ने बताया कि 4 जुलाई को दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा होगी। वहीं 5 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) तथा दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें तथा अपने साथ प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र अवश्य लाएं। परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक अभ्यर्थी को निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में परीक्षा उपलब्ध कराना है जिसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
एचटेट के तहत 5 जुलाई को नारनौल में केवल लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी पवन भारद्वाज ने बताया कि परीक्षा के लिए शहर में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 2094 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। लेवल-1 (पीआरटी) और लेवल-3 (पीजीटी) के लिए नारनौल में कोई परीक्षा केंद्र निर्धारित नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि भारती पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुलताजपुर रोड के केंद्र संख्या 16 व 17, राजकीय महिला महाविद्यालय के केंद्र 18 व 19 व एमएलएस डीएवी पब्लिक स्कूल के केंद्र 20 व 21 पर 300-300 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं यदुवंशी शिक्षा निकेतन रेवाड़ी रोड, पटीकरा स्थित केंद्र संख्या 22 पर 294 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने तथा बोर्ड के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।