फोटो संख्या:62- बिजली निगम कार्यालय महेंद्रगढ़--संवाद
महेंद्रगढ़। बिजली निगम ने लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। निगम सोमवार से ही बकाया राशि वाले दो हजार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटेगा। इन डिफाल्टरों पर पांच करोड़ रुपये का बकाया है।
पहले चरण में 20 हजार रुपये या उससे अधिक बिल बकाया वाले उपभोक्ताओं को चिह्नित किया गया है। इसके बाद 5 हजार और 10 हजार रुपये से अधिक बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाएंगे।
महेंद्रगढ़ शहर में कुल 17 हजार घरेलू बिजली कनेक्शन हैं। इनमें से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 2 हजार बिजली उपभोक्ता डिफाल्टर श्रेणी में आ चुके हैं। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कई नोटिस जारी किए गए थे।
बिल जमा कराने की अपील के बावजूद इन उपभोक्ताओं ने भुगतान नहीं किया। इसी कारण निगम ने अब सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया है। 20 अगस्त 2026 तक 20 हजार रुपये से अधिक के डिफाल्टरों के कनेक्शन काटे जाएंगे।
तीन टीमों का किया विशेष गठन
अभियान के लिए बिजली निगम ने तीन विशेष टीमों का गठन किया है। प्रत्येक टीम में पांच-पांच सदस्य शामिल किए गए हैं। यह अभियान उपखंड अधिकारी की निगरानी में चलाया जाएगा। टीमें प्रतिदिन विभिन्न गांवों और शहर के वार्डों में कार्रवाई करेंगी। कनेक्शन काटने के बाद टीमें जांच करेंगी कि बिना बिजली कनेक्शन के बिजली का प्रयोग तो नहीं हो रहा है।
वर्जन:
डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया है। किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। यदि कोई उपभोक्ता मौके पर ही बकाया राशि जमा कर देता है तो नियमानुसार उसे राहत दी जाएगी।
-सुनील कुमार, एसडीओ, बिजली निगम, महेंद्रगढ़