फोटो 05 बीएलए-2 प्रभारियों की बैठक को सबोधित करते दुष्यंत चौटाला। स्रोत: प्रवक्ता
नांगल चौधरी। जजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जिले से अब तक 64000 हजार वोट कटे हैं। सभी बीएलए-2 को आदेश दिया कि जायज वोट को कटने न दे व उन वोटरों के घर घर जा कर उनके दादा-दादी और नाना-नानी के वोटों से मिलान कराकर फिर से जुड़वाए।
यह बात उन्होंने शनिवार को नांगल चौधरी की जाट धर्मशाला में आयोजित बीएलए-2 प्रभारियों की बैठक में कही। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का संदेश देते हुए भाजपा और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।
चौटाला ने कहा कि जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों की मांग कर रहे युवाओं के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया उसने लोकतंत्र को शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि रोजगार मांगने वाले युवाओं पर लाठी चलाना किसी भी लोकतांत्रिक सरकार को शोभा नहीं देता।
उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाले पेपर लीक ने लाखों युवाओं के सपनों को तोड़ा है और सरकार युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें सड़कों पर संघर्ष करने के लिए मजबूर कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और बिगड़ती कानून व्यवस्था से आम जनता त्रस्त है। रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं जबकि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। अपराध की घटनाओं से लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं लेकिन सरकार जनता के मुद्दों का समाधान करने में विफल रही है।
बता दें कि जिले में 63979 मतदाता ऐसे मिले हैं जिनका रिकॉर्ड नहीं मिला है। इन लोगों के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे यानी इतने लोगों के नाम मतदाता सूची से कटने की संभावना है। ऐसे लोगों को मृत्यु, शिफ्टिंग, गैरहाजिर या अन्य कारणों में शामिल करते हुए अनकोलेक्टेबल फार्म की श्रेणी में डाला गया है।