नारनौल। शहर के कई मोहल्लों में बिजली के तार खंभों के बजाय घरों की दीवारों और छतों के सहारे लटके हुए हैं। आगामी मानसून को देखते हुए यह स्थिति लोगों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। बारिश के दौरान इन तारों के माध्यम से करंट फैलने और बड़े हादसे होने की आशंका बढ़ जाती है।
शहर के नलापुर, बांस, प्राणपुरा, रावका, भाटवाड़ा, गांधी कॉलोनी, गुदड़ी और श्याम कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था खस्ताहाल बनी हुई है। मोहल्ला रावका में बिजली के तार छत की ग्रिल पर रस्सियों के सहारे बांधकर लटकाए गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 40 वर्ष पुराने कई बिजली खंभे क्षतिग्रस्त होकर नीचे झुक चुके हैं जिससे हवा और बारिश के दौरान तार टूटने का खतरा बना रहता है।
मोहल्ला भाटवाड़ा में एक मकान की बालकनी से बिजली का खंभा सटा है और आसपास बिजली के तारों का जाल फैला हुआ है। इससे आसपास के घरों में करंट फैलने की आशंका बनी रहती है।
वहीं, गांधी कॉलोनी में कई स्थानों पर आवश्यक बिजली खंभे नहीं लगाए गए हैं। यहां मकानों की छतों के सहारे तार बांधे हैं। करीब 20 से 25 मकानों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनें आंधी और बारिश के दौरान कभी भी हादसे का कारण बन सकती हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे कई बार बिजली निगम से तारों को ऊंचा करने और जरूरत के अनुसार नए खंभे लगाने की मांग कर चुके हैं लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
सीवर सफाई में भी बने बाधा लटकते तार
मोहल्ला रावका में बरसात से पहले सीवर लाइन की सफाई सुपर सकर मशीन से की जा रही है लेकिन लटकते बिजली तारों के कारण कार्य में बाधा आई। झूलते तार मशीन से टकरा रहे हैं जिससे सफाई प्रभावित हुई। लोगों ने बिजली निगम से व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
बॉक्स
शाम के समय बच्चे घरों की छत पर खेलते हैं, साथ ही कपड़े सुखाते और उतारते हुए भी हमेशा करंट का खतरा बना रहता है। घर के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार जर्जर स्थिति में हैं जिनके स्थान पर केबल डालने की मांग कई बार कर चुके हैं।
-ऋषिराज, गांधी काॅलोनी
-
वार्ड में करीब 40 साल पहले बिजली के खंभे और तार डाले गए थे। तब से न तो बिजली के तार बदले और न ही खंभे नए लगाए गए हैं। बिजली के लटकते तार से बारिश के दौरान करंट का खतरा बना रहता है।
-अमर सिंह, पार्षद, वार्ड-22
श्याम कॉलोनी में आवश्यक बिजली खंभे नहीं होने के कारण बिजली तार लटके हुए हैं। तार को ऊंचा करवाने व आवश्यकता अनुसार नए खंभे लगवाने के लिए बिजली निगम अधिकारियों से कई बार मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है।
-विशाल सैनी, पार्षद, वार्ड-16
घरों के ऊपर से बिजली के तार जा रहे हैं और आंधी के कारण तार टूटने का खतरा बना रहता है। कई बार अलग-अलग माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई मगर कोई समाधान नहीं किया गया।
-देवेंद्र, पार्षद, वार्ड-15
-
वर्जन :
शहरी क्षेत्र में बिजली तारों को व्यवस्थित किया गया है। साथ ही मानसून से पहले बिजली लाइन का निरीक्षण भी किया जा रहा है और जो खामियां है उन्हें दूर किया जाएगा। अगर कहीं समस्या है तो आमजन बिजली निगम कार्यालय में शिकायत दर्ज करवा सकते हैं जिसके बाद तुरंत समाधान किया जाएगा।
-मोहम्मद अजहरूद्दीन, शहरी एसडीओ, बिजली निगम, नारनौल