नारनौल। नारनौल के रोडवेज डिपो में 9 मुख्य अधिकारियों के पद रिक्त पड़े हैं। इन सभी का दारोमदार जीएम के कंधों पर है। रोडवेज विभाग का जिम्मा अब अनिल विज के पास है। इस महकमे की जिम्मेदारी उनके पास आते ही नारनौल डिपो की छोटी मोटी सभी कमियों को तो दुरुस्त करा दिया गया है। यहां जीएम की कुर्सी तो है लेकिन जीएम के अधीन काम करने वाले महत्वपूर्ण 9 पद काफी समय से रिक्त पड़े हैं। जिसके चलते इन पदों का भार भी जीएम के कंधों पर ही आ रहा है।
09 प्रमुख पद हैं खाली
जिले में रोडवेज विभाग का हेड ऑफिस नारनौल बस स्टैंड है। यहां से जीएम पूरी गतिविधियों पर नजर रखते हैं। जीएम के नीचे कई महत्वपूर्ण पद हैं और इनमें कार्यालय अधीक्षक, कार्यशाला प्रबधंक, यातायात प्रबंधक, लेखा अधिकारी, सेल परचेज ऑफिसर, स्टोर परचेज असिस्टेंट, बस स्टैंड सुपरवाइजर, रोड सेफ्टी ऑफिसर, फोरमैन जैसे महत्वपूर्ण पद रिक्त हैं। इन सभी का कार्यभार किसी न किसी अन्य कर्मचारियों को सौंपा हुआ है, ताकि काम तेजी से हो सके।
वर्जन
रिक्त पदों के बारे में उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया हुआ है। उम्मीद है कि जल्द ही इन पदों को भर दिया जाएगा। फिलहाल इनका कार्यभार अन्य कर्मचारियों को सौंपकर काम करवाया जा रहा है।
-अनित यादव, रोडवेज महाप्रबंधक नारनौल।