नारनौल। क्षेत्र के सरेली गांव में चोरी की गाड़ी बरामद करने पहुंची गुरुग्राम पुलिस के दो कर्मियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने वाले भी शिकायतकर्ता ही बताए जा रहे हैं।
4 अगस्त को गुरुग्राम से गाड़ी चोरी होने की पुलिस को शिकायत मिली थी। पुलिस को गाड़ी की लोकेशन निजामपुर क्षेत्र के गांव सरेली में होने के बारे में पता चला। साेमवार को गुरुग्राम पुलिस के एक हवलदार विकास व होमगार्ड सरेली गांव पहुंचे जहां पुलिस ने गाड़ी बरामद कर ली, जब पुलिस ने गाड़ी लेकर आने वाले युवकों से पता किया तो उन्होंने कहा कि वह गाड़ी चोरी करके नहीं लाए। वह गाड़ी मालिक से रुपये मांगते हैं।इसके बाद गाड़ी उठाने वाले युवकों ने पुलिसकर्मी से कहा कि उनके रुपये दिला दो और गाड़ी लेकर चले जाओ।
पुलिस कर्मी ने कहा कि गाड़ी चोरी का मामला दर्ज हुआ है, आपको भी साथ चलना होगा। युवकों ने गाड़ी दे दी और कहा कि वह मंगलवार को थाने आ जाएंगे। इसके बाद शिकायतकर्ता ने उन्हें साथ लेकर जाने की बात कही। इस बात को लेकर पुलिसकर्मियों व शिकायतकर्ता के बीच बहस हो गई। शिकायतकर्ता व उसके साथ आए युवकों ने पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। मारपीट में एक पुलिसकर्मी के पैर में फ्रैक्चर हो गया, वहीं होमगार्ड भी घायल हुआ है। दोनों को नारनौल के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गुरुग्राम रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी होने पर गुरुग्राम से कुछ पुलिस अधिकारी भी थाने पहुंचे हैं। इस संबंध में निजामपुर थाना प्रभारी का कहना है कि अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।