नारनौल में अटेली के खारीवाड़ा गांव में आंधी के कारण तार टूटने से शिक्षक की मौत के मामले में पुलिस ने अलग-अलग तीन केस दर्ज किए हैं। इसमें परिजनों की शिकायत पर अज्ञात बिजली कर्मियों, पुलिस की शिकायत पर सरपंच सहित अन्य और बिजली निगम के एसडीओ की शिकायत पर अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक हेमंत के पिता कृष्ण कुमार ने पुलिस में शिकायत दी है कि उसका लड़का हेमंत स्कूल में जाने के लिए सुबह 7:15 बजे निकला था, लेकिन गांव खारीवाड़ा के पास बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के कारण सड़क पर पड़े हुए बिजली के तारों की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। बिजली विभाग के अधिकारियों ने न तो लाइन काटी और न ही मौके से तार हटाए। जब इस बारे में एसडीओ से बात की तो उन्होंने धमकी दी तथा बदतमीजी से बात की। इस पर पुलिस ने बिजली निगम के अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शिकायत दर्ज की है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव राता कला बस अड्डे पर गांव खेराना के लोगों ने जाम लगाकर रोड बंद किया हुआ है। इसके बाद वह गांव राता कला पहुंचे तो देखा कि गांव खैराना के लोगों ने अटेली-कनीना मुख्य मार्ग को जाम किया हुआ था। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। बस में बैठी सवारियों को परेशानी हो रही थी। गांव के सरपंच राहुल यादव को जाम खोलने के लिए कहा गया, लेकिन राहुल ने गुमराह करके लोगों को सड़क पर जाम लगा कर बैठा दिया तथा वह वहां से नहीं हटा। इसलिए पुलिस ने खैराना के सरपंच सहित अन्य पर केस दर्ज कर लिया है।
इस मामले में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम सब डिवीजन ऑफिस सीहमा के एसडीओ ने पुलिस में शिकायत दी है कि शिक्षक हेमंत की आंधी तूफान के कारण पोल टूटने से मौत हो गई। इसकी सूचना सुबह 8:30 बजे लग गई थी। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंच गया था, लेकिन वहां पर मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट की तथा कपड़े फाड़ दिए। उसने पुलिस सुरक्षा ली तो लोगों ने एसएचओ की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।