महेंद्रगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दस साल बाद दूसरी बार गांव पाली में परमहंस बाबा जयरामदास की तपोभूमि पहुंच आशीर्वाद लेंगे। दस वर्ष पूर्व पीएम मोदी अपनी पहली पारी में गांव पाली में बाबा जयरामदास की तपोभूमि पहुंचे थे। अब उसी स्थान पर चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंच रहे हैं। 8 अक्तूबर 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महेंद्रगढ़ जिले के गांव पाली में पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं में चर्चा है कि प्रधानमंत्री अब तीसरी पारी के लिए भी परमहंस बाबा जयरामदास की तपोस्थली गांव पाली में पहुंचेंगे।
यह भी पहली बार होगा, जब एक ही लोकसभा में महज दो दिन के अंतराल में ही भाजपा व कांग्रेस के शीर्ष नेता पहुंचकर अपने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में रैली कर रहे हैं, क्योंकि 22 मई को चरखी दादरी में होने वाली चुनावी जनसभा को संबोधित करने कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी पहुंच रहे हैं। इधर महेंद्रगढ़ में 23 मई को पीएम मोदी चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
15 एकड़ में लगाया जा रहा पंडाल
प्रधानमंत्री की रैली की सफलता के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। गांव पारी में स्टेट हाईवे के नजदीक करीब 15 एकड़ में पंडाल लगाया जा रहा है, साथ ही नजदीक ही हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। भाजपा नेताओं की मानें तो इस रैली में तीन लोकसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री सहित प्रदेशभर के कद्दावर नेता शामिल होंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से रैली में करीब 50 हजार लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था की जाएगी।