महेंद्रगढ़। पिछले चार दिनों में हुई 111.5 एमएम बारिश के बाद शहर की बदहाल सड़कों के गड्ढे अब लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। पिछले दस सालों के दौरान शहर की 20 से अधिक मुख्य सड़कें व 150 से अधिक गलियां बदहाली की कगार पर पहुंच चुकी है।
नगरपालिका की योजनाएं सिर्फ कागजों पर ही रह गई हैं, जबकि धरातर गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। दस सालों के दौरान जिन दो-तीन सड़कों पर काम हुआ है, उनकी विजिलेंस जांच चल रही है। पिछले चार दिनों के दौरान दस से अधिक हादसे हो चुके हैं। दुपहिया वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। गड्ढों में पानी जमा होने के कारण दिखाई नहीं देने से दुपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं।
बारिश से धूली सड़कें तो नजर आई हकीकत
पिछले चार दिनों के दौरान हुई बारिश के बाद अब सड़कों की बदहाली की हकीकत आमजन के सामने आ गई है। शहर के सबसे प्रमुख सिनेमा रोड, 11 हट्टा बाजार, गोशाला रोड, ब्रह्मचारी रोड, रिवासा पुल से रेलवे स्टेशन मार्ग, परशुराम चौक से कॉलेज मार्ग तक, चामधेड़ा मार्ग, मसानी चौक से परशुराम चौक तक, मसानी चौक से डुलाना मार्ग, कृष्णा कालोनी से महेंद्रगढ़-रेवाड़ी रोड तक, मोहल्ला खटीकान से 11 हट्टा बाजार तक सड़कों पर केवल रोड़े ही नजर आए। बारिश का पानी जमा होने के बाद बार-बार वाहनों के आवागम से गड्ढों से मिट्टी निकलकर किनारे जा लगी जिसके कारण सड़क के नाम पर महज रोड़ियां व कुछ स्थानों पर तारकोल ही नजर आया।
नगरआयुक्त ने दिए अधिकारियों को सख्त निर्देश
वीरवार को नारनौल में नगर आयुक्त महाबीर प्रसाद के साथ हुई महेंद्रगढ़ नपा प्रधान व पार्षदों व अधिकारियों की बैठक में सड़कों के सुधार के प्रस्तावों पर जल्द ही टेंडर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त महाबीर प्रसाद ने नपा के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नपा हाउस व वित्तीय बैठकों में हुए प्रस्तावों के एक सप्ताह के समय में टेंडर प्रक्रिया पूरी करें। 15 दिनों के अंदर-अंदर टेंडर खोलने व निर्माण प्रक्रिया शुरू कराने का प्रयास करें। जो अधिकारी काम में लेटलतीफी करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नारनौल में नगर आयुक्त के साथ हुई बैठक में 11 हट्टा बाजार, डोर टू डोर कचरा उठान, शहर में स्ट्रीट लाइट लगाने, सड़कों की मरम्मत व नव निर्माण की प्रक्रिया दो सप्ताह में पूरी करने के आदेश दिए हैं। आगामी एक माह में सभी प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराया जाएगा।
-रमेश सैनी, नगरपालिका प्रधान महेंद्रगढ़।
फोटो संख्या:61-11 हट्टा बाजार में सड़क से निकली रोड़ियां--स्रोत--संवाद
फोटो संख्या:61-11 हट्टा बाजार में सड़क से निकली रोड़ियां--स्रोत--संवाद
फोटो संख्या:61-11 हट्टा बाजार में सड़क से निकली रोड़ियां--स्रोत--संवाद
फोटो संख्या:61-11 हट्टा बाजार में सड़क से निकली रोड़ियां--स्रोत--संवाद