कनीना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना मंडी में खेल नर्सरी के तहत स्वीकृत पिस्टल निशानेबाजी शूटिंग रेंज का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के चयन के लिए ट्रायल एवं अभ्यास सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश यादव ने स्वयं निशाना साधकर किया। प्राचार्य नरेश कुमार कौशिक ने भी निशानेबाजी में हाथ आजमाते हुए विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
नगर पालिका कनीना के सचिव कपिल कुमार, सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक सत्यवीर, वरिष्ठ प्रवक्ता प्रवीण कुमार, ओम प्रकाश पालीवाल, शूटिंग कोच राहुल यादव तथा नेशनल खिलाड़ी गौरव यादव मौजूद रहे।
ट्रायल के दौरान छात्राओं सुप्रिया, भारती, गुंजन, माही, पायल और तनु ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, वहीं अन्य विद्यार्थियों ने भी निशानेबाजी में अपनी दक्षता का परिचय दिया।
शूटिंग कोच राहुल यादव ने बताया कि खेल नर्सरी के तहत कुल 25 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, जिसमें 10 लड़कियां और 10 लड़के शामिल होंगे, जबकि 5 विद्यार्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखा जाएगा।
चयनित खिलाड़ियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से दर्ज की जाएगी, जिससे नियमित अभ्यास और अनुशासन सुनिश्चित होगा। प्राचार्य नरेश कुमार कौशिक ने बताया कि शूटिंग के आवश्यक उपकरणों की मांग संबंधित विभाग को भेज दी गई है, ताकि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।