नारनौल। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग विभाग द्वारा इस माह गुलाबी राशन कार्ड धारकों को गेहूं के साथ मोटा अनाज के रूप में बाजरा भी दिया जाएगा। इस प्रकार गुलाबी राशन कार्ड धारकों को मिलने वाले 35 किलोग्राम गेहूं में कटौती कर उन्हें 17 किलोग्राम बाजरा दिया जाएगा। इसी प्रकार बीपीएल कार्ड धारक को भी 2.5 किलोग्राम गेहूं व 2.5 किलोग्राम बाजरा प्रत्येक सदस्य को दिया जाएगा। दिसंबर माह का राशन डिपो में वितरित किया जाने लगा है। जिले में 17882 गुलाबी राशन कार्ड धारक है, जबकि 1 लाख 41 हजार 416 बीपीएल राशन कार्ड धारक है।
सरकार की तरफ से मोटे अनाज को बढ़ावा दिया जा रहा है। जबकि इस बार बाजरे में बंपर पैदावार होने के साथ सरकार की तरफ से काफी अधिक मात्रा में किसानाें से बाजरा खरीदा गया है। इसकी खपत करने के लिए सरकार ने मोटे अनाज के रूप में बाजरा अंत्योदय अन्न योजना व बीपीएल राशन कार्ड धारकों वितरित करने का निर्णय लिया है। जिसके तहत पात्र लोगों को फरवरी-मार्च तक बाजरा वितरित किया जाएगा।
- जिले में बाजरे की होती है बंपर पैदावार
जिले में हर वर्ष बाजरे की बंपर पैदावार होती है। इस बार भी बाजरे की बंपर पैदावार हुई है। इस बार सरकार की तरफ से बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया। जिसके तहत जिले में 9 लाख क्विंटल के करीब बाजरे की सरकारी व प्राइवेट खरीद की गई। ऐसे में गोदामों को खाली करने के लिए सरकार की तरफ से लोगाें को बाजरा वितरण करने का निर्णय लिया है, ताकि अगले सीजन तक गोदामों के स्टॉक को खाली किया जा सके।
गुलाबी राशन कार्ड धारकों को गेहूं के साथ मिलेगा 17 किलोग्राम बाजरा
विभागीय रिकार्ड में जिले में 17882 गुलाबी राशन कार्ड धारक है। जिनके 63736 सदस्य है। वहीं 1 लाख 41 हजार 416 बीपीएल कार्ड धारक है। जिनमें 5 लाख 53 हजार 50 सदस्य जुड़े हुए हैं। इस राशन कार्ड धारकाें को सरकार के आदेशानुसार खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की तरफ से गेहूं के साथ बाजरा वितरित किया जाने लगा है। इसमें गुलाबी राशन कार्ड धारकों को जहां पहले 35 किलोग्राम गेहूं मिलते थे। वहीं अब उन्हें 17 किलोग्राम बाजरा व 18 किलोग्राम गेहूं दिए जाएंगे। इसी प्रकार बीपीएल कार्ड धारक के प्रत्येक सदस्य को जहां पहले 5 किलोग्राम गेहूं मिलता था। वहीं उन्हें 2.5 किलोग्राम गेहूं व 2.5 किलोग्राम बाजरा दिया जाएगा।
सर्दियाें में बाजरे का सेवन काफी लाभदायक होता
सर्दी के मौसम में बाजरे का सेवन सेहत के लिए लाभदायक माना जाता है। सरकार भी मोटे अनाज को बढ़ावा दे रही है। जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन भी मोटे के लिए आमजन को प्रेरित कर रही है, क्योंकि बाजरे में कार्बाेहाइड्रेट की मात्रा परचूर मात्रा में पाई जाती है। वैसे भी सर्दी के मौसम में बाजरे का सेवन सेहत के लिए काफी पौष्टिक माना जाता है।
विभागीय आदेशानुसार इस बार गुलाबी राशन कार्ड व बीपीएल राशन कार्ड धारकाें को गेहूं के साथ बाजरा भी दिया जा रहा है। फरवरी या मार्च तक पात्र लोगों को बाजरे का वितरित किया जाएगा।
-अरुण सैनी, सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, नारनौल।