पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को खंड कनीना के गांव मानपुरा का दौरा किया तथा मानपुरा गांव में स्थित सभी चार बड़े पोल्ट्री फार्मों का निरीक्षण किया। गांव मानपुरा के लोगों ने उपायुक्त नारनौल को शिकायत की थी कि गांव मानपुरा में पोल्ट्री फार्मों की वजह से काफी मक्खियां हो गई हैं। जिनसे गांव में महामारी फैल सकती है तथा पोल्ट्री फार्मों की तरफ से आने वाली हवा में भी दुर्गंध आती है।
इस मामले में संज्ञान लेते हुए पशुपालन विभाग के उपनिदेशक तथा उपमंडल अधिकारी ने बुधवार को पोल्ट्री फार्मों का निरीक्षण किया तथा यह पाया गया कि गांव मानपुरा तथा पोल्ट्री फार्म में काफी भारी संख्या में मक्खियां हैं। उपनिदेशक पशुपालन नारनौल डा. जयपाल सिंह एवं उपमंडल अधिकारी डा. रामअवतार यादव ने बताया कि मक्खियों की अधिकता का कारण इस वर्ष माह दिसंबर में भी दिन का तापमान अधिक रहने की वजह से मक्खियों के प्रजनन के लिए अच्छा मौसम बन गया साथ ही पोल्ट्री फार्मों पर वर्ष भर का पक्षियों का मलमूत्र भी एकत्रित हो गया है। अधिकारियों ने पोल्ट्री फार्म के मालिकों को हिदायत दी है कि अगले 15 दिन में सभी पोल्ट्री फार्म से लीटर (मलमूत्र) को हटाया जाए तथा प्रभावित गांवों में मक्खी मारने की स्प्रे की जाए तथा पक्षियों के दाने में लारवा साइड दवाईयां डाली जाए ताकि मक्खी के अण्डे को मलमूत्र का लारवा खत्म कर दे। इसके अलावा पोल्ट्री फार्म पर पर्दे आदि लगाकर रखे जाए तथा फार्म के चारों तरफ सूखे चूने का पाउडर डाला जाए।
डॉ. राम अवतार यादव ने बताया कि सभी पोल्ट्री फार्म के मालिकों को सख्त हिदायतें दी गई हैं कि 15 दिन में पोल्ट्री फार्मिंग से संबंधित सभी मानदण्ड पूरे नहीं किए तो प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड को आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।