नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में महिला वार्ड में रिकार्ड चेक करते सीएमओ डॉ. अशोक कुमार
- फोटो : Narnol
महेंद्रगढ़। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने शनिवार को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में औचक निरीक्षण किया। सुबह साढे़ नौ बजे दो चिकित्सक ही ओपीडी में मरीज देख रहे थे, जबकि अन्य ओपीडी खाली दिखी। सीएमओ ने खाली कुर्सियों की फोटो खिंचवाई। करीब दो घंटे तक सीएमओ अस्पताल में रहे। देरी से आने वाले चिकित्सकों को फटकार भी लगाई। अनुपस्थित मिले स्टाफ सदस्यों को नोटिस जारी किया जाएगा। सुबह 9.05 बजे पर सीएमओ ने नांगल सिरोही अस्पताल का भी निरीक्षण किया।
नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के देरी से आने की कई खबरें छपी हैं। इस बाद भी अस्पताल के चिकित्सक एवं स्टाफ समय पर नहीं आ रहे। सर्दी के मौसम में अस्पताल में ओपीडी का समय 9 से 3 बजे तक का है। शनिवार को सुबह साढे़ नौ बजे के लगभग मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक शर्मा नागरिक अस्पताल पहुंच गए। नांगल सिरोही से निकलते ही अस्पताल में सीएमओ के आने की खबर पहुंच गई थी। इससे स्टाफ में हड़कंप मच गया। जानकारी अनुसार ओपीडी में तो मात्र एक या दो चिकित्सक पहुंच पाए थे। सीएमओ ने चिकित्सक की खाली कुर्सियों की फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने ओपीडी, लेबर रूम, आपातकालीन सेवाओं को चेक किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी आने तक कई चिकित्सक नहीं पहुंचे थे। उनके आने की सूचना के बाद चिकित्सक और अन्य स्टाफ सदस्य पहुंचे थे। बाद में देरी से आने वाले चिकित्सकों को एक-एक बुलाकर उनको फटकार लगाई। उनको समय पर आने की नसीयत दी। बाद में उन्होंने रिकॉर्ड भी चेक किया। साढे़ 11 बजे सीएमओ महेंद्रगढ़ अस्पताल में रहे।
अस्पताल खुलने के पांच मिनट बाद ही पहुंचे सीएमओ
नांगल सिरोही सरकारी अस्पताल को खुले हुए पांच मिनट ही हुए थे। सीएमओ वहां निरीक्षण के लिए पहुंच गए। इस दौरान मात्र एक बीएएमएस चिकित्सक मौके पर था। एक एमओ अनुपस्थित था। दूसरा एमओ फिल्ड में था। आउटसोर्सिंग और अन्य स्टाफ सदस्य भी पूरे नहीं पहुंचे थे। सीएमओ ने आउटसोर्सिंग सदस्यों की गैरहाजिरी लगाई।
--------------------
मैंने नांगल सिरोही और महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल को चेक किया था। जहां पर चिकित्सक, स्टाफ सदस्य और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित मिले स्टाफ को सोमवार को नोटिस जारी किया जाएगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-अशोक कुमार, सीएमओ, महेंद्रगढ़।