महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी कार्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विश्वविद्यालय के 32 विभागों में कुल 190 सीटों पर दाखिले होने हैं। फीस जमा कराने वाले विद्यार्थियों की कक्षाएं 26 अक्तूबर से शुरू होंगी। हालांकि, अभी तक खाली सीटों की सूची जारी नहीं की गई है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने बताया कि पीएचडी में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 3 अक्तूबर तक चली थी। इसके बाद 8 अक्तूबर को छह पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। इनमें होटल मैनेजमेंट, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग टेक्नोलॉजी और फार्मास्यूटिकल साइंसेज शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थियों के लिए 21 और 22 अक्तूबर को फीस जमा कराने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। निर्धारित समय तक फीस जमा नहीं कराने वाले विद्यार्थियों का दाखिला रद्द कर दिया जाएगा। इसके बाद 26 अक्तूबर से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।
खाली सीटों पर मिल सकता है मौका
विश्वविद्यालय में दाखिले के बाद यदि सीटें खाली रहती हैं तो प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर मिल सकता है। हालांकि, इसके लिए अभी खाली सीटों का विवरण जारी होना बाकी है। ऐसे में दाखिले का इंतजार कर रहे युवाओं की नजर विश्वविद्यालय की अगली सूची पर टिकी है।