मंडी अटेली। ग्रामीण क्षेत्र में मात्र दो घंटे बिजली आपूर्ति से लोगों का हाल बेहाल है। दिन में लबे समय तक बिजली गुल रहने से उन्हें काफी परेशानी हो रही है। लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से दिन में बिजली आपूर्ति का समय बढ़ाने की मांग की गई।
जानकारी के अनुसार रात के समय सांय 7 बजे से सुबह पांच बजे तक बिजली दी जा रही है वहीं दिन के समय दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक मात्र दो घंटे बिजली देने का प्रावधान है लेकिन इस शेडयूल के अंतर्गत भी बिजली के आंख मिचौनी का खेल लगातार जारी रहता है। 18 मई को क्षेत्र को ओरेंज जॉन घोषित करते हुए सरकार ने चार घंटे बिजली उपलब्ध कराने का प्रावधान बनाया। ग्रामीण क्षेत्र में 22 जून तक दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक चार घंटे बिजली उपलब्ध करवाई गई, लेकिन अब फिर से दो घंटे बिजली दी जा रही है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बिजली सप्लाई का समय बढ़ाया जाए ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।
''उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार चार घंटे बिजली देने का प्रावधान बनाया था। अब अधिकारियों के आदेश के बावजूद फिर से दो घंटे बिजली देने की समय सारणी बनाई गई है।----प्रदीप सोनी, एसडीओ बिजली विभाग