कनीना। कई दिनों से हो रही बरसात के कारण कनीना तथा अटेली कस्बे के कई स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कीचड़ फैलने से फिसलने से हादसा होने का खतरा बना रहता है।
बसपा नेता प्रमुख समाजसेवी अतरलाल ने अटेली कस्बे की अनाजमंडी, तहसील व खंड कार्यालय नया बस स्टैंड चौक, रेलवे रोड, राधा कृष्ण मंदिर, धनौंदा मोड़, नारनौल-रेवाड़ी रोड का दौरा कर जल भराव की स्थिति का जायजा लिया और लोगों की परेशानी को जाना।
उन्होंने कनीना के वार्ड नंबर 12, संगम कालोनी, एससी बस्ती, बाबा मोलड़नाथ मार्ग, गुढ़ा, कैमला, खेडी, बाघोत गांवों का दौरा कर जलभराव की समस्या का जायजा लिया।
दौरा के बाद अतरलाल ने कहा कि टूटी-फूटी सड़कों और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। जल भराव के कारण व्यापारी वर्ग का कारोबार ठप सा हो गया है। उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कस्बे में अनेक स्थानों ने जल भराव के कारण तालाबों का रूप ले लिया है। जिसके कारण आम लोगों का जीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। सरकार तथा प्रशासन बरसात से पहले सड़कों की मरम्मत तथा पानी की समुचित निकासी का प्रबंध करने में पूर्णतया विफल रहा है। सरकार की लापरवाही के कारण लोगों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने सरकार तथा प्रशासन से तत्काल पानी निकासी के समुचित प्रबंध कर लोगों को राहत देने की मांग की।