कनीना। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राजनीतिक विरोधी कहे जाने वाला खेमे के रणदीप सिंह सुरजेवाला, कुमारी शैलजा और किरण चौधरी की तिकड़ी ने प्रदेश में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। मंगलवार को हरियाणा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता किरण चौधरी ने अटेली विधानसभा के गांव दौंगड़ा अहीर में एक सभा में बीजेपी सरकार पर निशाना साधा।
दौंगड़ा अहीर में आयोजित कार्यक्रम में किरण चौधरी ने कहा कि सरसों के मुआवजे व भीषण बेरोजगारी से लोग परेशान और हताश हैं। पूर्व सांसद श्रुति चौधरी के कार्यकाल में जो नहरों का जाल बनाया था वो नहरें अब सूखी पड़ी हैं। उन्होंने बीजेपी सरकार को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, किसानों का मुआवजा, फसल खराबा, गैस सिलेंडर जैसे अनेक मुद्दों पर सरकार को घेरा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के डॉ. हिम्मत सिंह, कैलाश सोनी, देवेंद्र हुडीना, चंद्र प्रकाश एडवोकेट, वेद प्रकाश आर्य, सुभाष, सुधीर, यशपाल, करण सिंह, कंवर सिंह, राजपाल चौधरी, लीलाराम सहित अनेक ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।