कनीना। गांव धनौंदा के बस अड्डे पर बहुजन समाज पार्टी के किसान प्रकोष्ठ के तत्वावधान में किसान कार्यकर्ताओं ने बाजरा की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद तत्काल शुरू करने की मांग को लेकर जुलूस निकाला तथा प्रदर्शन किया। जुलूस का नेतृत्व बसपा नेता प्रमुख समाजसेवी अतरलाल एडवोकेट ने किया।
अतरलाल ने कहा कि जिला की मंडियों में बाजरा की आवक शुरू हो चुकी है। अब तक अटेली व कनीना की अनाज मंडी में लगभग नौ हजार क्विंटल बाजरे की खरीद हो चुकी है। किसानों को 600-700 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य से कम भाव पर बाजरा बेचना पड़ रहा है। किसान किशनपाल, भारत सिंह, मीर सिंह, पृथीसिंह, शेर सिंह यादव ने कहा कि राज्य सरकार की किसान विरोधी नीति के कारण बाजरा पीट रहा है और किसान लूट रहा है। सरकारी खरीद न होने के कारण किसानों में भारी रोष व्याप्त है। इसलिए यह जुलूस निकालकर राज्य सरकार को चेतावनी देते हैं कि दो दिन के अंदर सरकारी खरीद शुरू नहीं की तो आगामी 16 सितंबर को जिला के गांव गाहड़ा में किसान पंचायत बुलाई है जिसमें आंदोलन शुरू करने की घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर राकेश यादव, पवन, कृष्ण सिंह, धर्मबीर, किशनलाल, भारत, मीर सिंह, वेद प्रकाश, रामबीर, राजपाल, हुकुम सिंह, राजबीर, दानसिंह प्रजापत, ओमप्रकाश व सुरेश आदि अनेक किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।