फोटो 13लघु सचिवालय में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के सदस
नारनौल। रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा की महेंद्रगढ़ जिला इकाई का 24 घंटे का पड़ाव बुधवार सुबह 10 बजे समाप्त हो गया। पेंशनभोगियों ने लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर जिला प्रशासन को उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। पड़ाव की अध्यक्षता संघ के जिला प्रधान घनश्याम दास शर्मा ने की।
राज्य सचिव धर्मपाल शर्मा ने कहा कि पेंशनभोगियों की लंबित मांगों को लेकर देशभर में आंदोलन को तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 29 और 30 सितंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर 24 घंटे का पड़ाव आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि पेंशनभोगियों की मांगों पर लगातार ध्यान नहीं दिया जा रहा है। साथ ही पुरानी पेंशन योजना में बदलाव की आशंका को लेकर भी चिंता जताई।
उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर फेडरेशन के आह्वान पर दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की जाएगी। इसमें हरियाणा से बड़ी संख्या में पेंशनभोगियों के शामिल होने की बात कही गई।
सर्व कर्मचारी संघ के पूर्व प्रधान धर्मेंद्र यादव ने वेतन आयोग लागू होने तक अंतरिम राहत देने की मांग उठाई। उन्होंने 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत को वेतन व पेंशन में जोड़ने की मांग की।
इसके अलावा 10 वर्ष 8 माह की कम्यूटेशन कटौती पूरी होने के बाद पूरी पेंशन बहाल करने, 65 वर्ष की आयु पर मूल पेंशन में 10 प्रतिशत और 75 वर्ष पर 20 प्रतिशत वृद्धि की मांग की गई। पेंशनभोगियों ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा और चिकित्सा भत्ता बढ़ाकर 3000 रुपये करने की मांग भी रखी।