महेंद्रगढ़। गांव मालड़ा में खेमचंद दास जोहड़िया क्रिकेट कप प्रतियोगिता में सोमवार को पांच मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के चौथे दिन पहला मुकाबला सिहार और सोहासड़ा की टीम के मध्य मैच खेला गया।
सुजान मालड़ा ने बताया कि सोहासड़ा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित पांच ओवर में तीन विकेट पर 61 रन बनाए। मैच में सिहार की टीम ने सोहासड़ा को हराया। दूसरा मुकाबला झगड़ौली और मालड़ा की टीम के मध्य मैच खेला गया। मैच में झगड़ौली ने मालड़ा की टीम को 9 विकेट से हराया। तीसरा मुकाबला गाहड़ा और हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के मध्य खेला गया जिसमें हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित पांच ओवरों में 69 रन बनाए। जवाब में गाहड़ा की टीम ने 4.4 ओवर में छक्के के साथ 74 रन बनाकर मैच अपनी झोली में डाल लिया।
वहीं चौथा सिहोर और गाहड़ा की टीम के मध्य मुकाबला खेला गया जिसमें में सिहाेर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंद्र की विस्फोटक बल्लेबाजी के बल पर निर्धारित छह ओवरों में छह विकेट पर 88 रनों का विशाल स्कोर बनाया। इंद्र ने 21 गेंदों में आठ छक्कों और दो चौकों की सहायता से 64 रनों की अर्ध शतकीय पारी खेली। गाहड़ा की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम केवल 43 रन ही बना सकी। सिहाेर की टीम ने यह मैच 45 रनों से जीता। पांचवा मुकाबला मिसरी और पाटौदा की टीम के मध्य खेला गया, जिसमें मिसरी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित पांच ओवरों में छह विकेट पर 27 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाटौदा की टीम का स्कोर भी 27 रन बना और यह मैच टाई हो गया। इस प्रतियोगिता का यह पहला टाई मैच रहा। दोनों टीमों के बीच सुपर ओवर खेला गया। पाटौदा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित एक ओवर में एक विकेट पर 17 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मिसरी की टीम एक ओवर में एक विकेट पर तीन रन ही बना सकी। सुपर ओवर का यह मैच पाटौदा की टीम ने 14 रनों से जीत लिया। समाचार लिखे जाने तक पाटौदा और भड़ंगी की टीमों के बीच मैच खेला जा रहा था। भड़ंगी की टीम ने निर्धारित छह ओवरों में पांच विकेट पर 44 रन बनाए। जवाब में पाटौदा की टीम तीन ओवरों में एक विकेट पर 22 रन बना लिए थे।