रामलीला परिषद के परिसर में रविवार को ब्राह्मण सभा की ओर से परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, विशष्टि अतिथि जिला उपायुक्त राजनारायण कौशिक, नरेश शर्मा माधोगढ़िया, एलसी जोशी, पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक, नपा चेयरमैन रीना बंटी, जिला बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन मंजू थीं। इस मौके पर भगवान परशुराम के नारे साथ भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षामंत्री ने भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सभा की तरफ से सभी अतिथियों का बड़ी माला से पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में हैप्पी स्कूल की छात्राओं ने अतिथि के आगमन पर स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। इससे पूर्व इंद्रलाल शर्मा और धर्मेश कौशिक ने अपने गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। इस मौके पर शिक्षामंत्री ने कहा कि भगवान विष्णु ने जमदग्नि के यहां छठे पुत्र के रूम में जन्म लिया था। परशुराम अपने पिता के आज्ञाकारी पुत्र थे। भगवान परशुराम ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। वही लड़ाई अब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लड़ रहे हैं। इस मौके पर बहादुरगढ़ के विधायक नरेश कौशिक एवं चेयरमैन गोविंद भारद्वाज ने भी लोगों को संबोधित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सभा के प्रधान राजेश दिवान ने आए हुए सभी मेहमानों का आभार प्रकट किया।
गांव जाटी में खोला जाएगा लख्मीचंद विश्वविद्यालय
शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा से प्रदेश को पहचान देने वाले लोगों को सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि सोनीपत के गांव जाटी में सुप्रद्धि रागनी गायक लख्मीचंद के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा उनके साहित्य पर प्रादेशिक फिल्म भी बनाई जाएगी। मंत्री ने कहा कि प्रदेश जिनकी पहचान के नाम से जाना जाता है उनके नाम पर विश्वविद्यालय खोले जाएंगे। सरकार गांव मुंदड़ी में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित की चुकी है।
भगवान परशुराम ने सभी वर्गों के लिए लड़ी थी लड़ाई
भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम पहुंचे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं गन्नौर के विधायक कुलदीप शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम ब्राह्मण कुल में जन्म लिया था किंतु उन्होंने जो लड़ाई लड़ी वो सभी वर्ग के लिए थी। उन्होंने कहा कि प्रो. रामबिलास शर्मा भाजपा पार्टी में विश्ववास रखते हैं और मैं कांग्रेस विचार धारा का हूं। राजनीति के युद्ध में दो-दो हाथ हो सकते हैं किंतु समाज के युद्ध में हम एक साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में उतार चढ़ाव आते हैं किंतु उस समय हिम्मत से काम लेना चाहिए। हमें अपने अच्छे समय का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने महेंद्रगढ़ ब्राह्मण समाज द्वारा परशुराम जयंती पर 36 बिरादरी को शामिल करने वाली प्रथा को दूर दृष्टि सोच बताया।
भव्य शोभायात्रा निकाली
परशुराम जयंती पर विप्र समाज के लोगों ने एक भव्य शोभा यात्रा निकाली। परशुराम झांकी के साथ शोभा यात्रा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से मुख्य बाजार होती हुई परशुराम भवन तक पहुंची। इस अवसर पर समाज के लोग बैंडबाजें और डीजे पर नाचते गाते हुए आयोजन स्थल तक पहुंचे। इस मौके पर शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा, विधायक नरेश कौशिक और कुलदीप शर्मा को बग्गी में बैठाकर ले जाया गया। इस अवसर पर बाजारों में 25 स्वागत गेट लगाए गए थे।
ये हुई घोषणा
प्रधान राजेश दिवान ने सभा की ओर से शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा को एक मांग पत्र सौंपा। शिक्षामंत्री ने मांग पत्र पर सभी मांगे पूरी करने की घोषणा की। सभा के लिए 2400 गज जमीन, वर्तमान परशुराम भवन में अगले महीने से 21 कंप्यूटर लगाकर कक्षाएं शुरू करने, आजाद चौक को भगवान परशुराम चौक बनाने की घोषणा की । इसके अलावा मंत्री ने 31 लाख रुपये की राशि देने की भी घोषणा की। प्रो. शर्मा ने सांसद रमेश कौशिक की ओर से 21 लाख, सांसद धर्मबीर की ओर से 21 लाख, विधायक मूलचंद शर्मा की ओर से 11 लाख रुपये की घोषणा की। इसके अलावा एलसी जोशी ने 11 लाख, पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक ने 11 लाख, समाजसेवी नरेश माधोगढिय़ा ने 11 लाख, नपा चेयरपर्सन रीना बंटी ने 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।
ये रहे उपस्थित
इस मौके पर सूर्य प्रकाश कौशिक, अशोक बुचौली, राजस्थान ब्राह्मण सभा के प्रधान सुनील मुदगील, नरेश जोशी, सुशील शर्मा, प्रेस क्लब के प्रधान विजय कौशिक, अमित भारद्वाज, अमित माधोगढिय़ा, अनिल कौशिक, प्रदीप शर्मा, राजेश झाड़ली, राधेश्याम दिल्लीवान, लीलू बोहरा, सुधीर दिवान, विनोद शर्मा, भीम सेन शास्त्री, सुरेंद्र बंटी, कंवर डालू सिंह, छाजुराम, भूप सिंह सिवाच सहित हजारों लोग उपस्थित थे।