नांगल चौधरी मार्ग स्थित टहला रोड पर लक्ष्मी देवी माल गोदाम में रविवार शाम को करीब साढ़े तीन बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने की वजह से माल गोदाम में रखी तीन एजेंसियों का करीब 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के लिए तीन टैंकर पानी भी अलग से मंगाना पड़ा। वहीं देर शाम तक व्यापारी आग पर काबू पाने में लगे थे। जिसके चलते पुलिस में कोई शिकायत नहीं की गई।
गोदाम के मालिक महेश चौधरी ने बताया कि रविवार सुबह ही वह गोदाम से सामान निकालकर बंद करके गया था। करीब साढ़े तीन बजे गोदाम के पड़ोसी ने उनके पास फोन करके बताया कि आपके गोदाम में आग लगी हुई है। इसकी सूचना उन्होंने फायरब्रिगेड को दे दी है। जब वे मौके पर पहुंचे तो फायरब्रिगेड की तीन गाड़ियां खड़ी तथा कर्मचारी गोदाम की दीवार तोड़कर आग बुझाने के कार्य में लगे हुए थे। उन्होंने कि गोदाम में पारले जी कंपनी का करीब 20 लाख का माल रखा हुआ था। गोदाम में तीन अलग-अलग फर्मों का सामान भी था।
-पारले कंपनी का था ज्यादा माल
गोदाम मालिक महेश चौधरी ने बताया कि उनके पांच गोदाम हैं। इस गोदाम में तीन फर्मों गुलाबचंद महेश कुमार, एसएनसी एसोसिएट व अग्रवाल आयल मिल का सामान था। जिसमें पारले जी के बिस्कुट, टाफी, कुरकुरे, सूजी, नमकीन व भुगंड़े आदि सहित सामान शामिल था।
दो टैंकर भी मंगाये मौके पर
आग तेज भड़क रही थी। इसके चलते दमकल की गाड़ियों का पानी मौके पर समाप्त हो गया। जिसके कारण दो टैंकरों को भी मंगाया गया। जिसके बाद ही आग पर काबू पाया गया।
दीपावली पर लगी थी तीन दुकानों में आग
दीपावली पर भी शहर में स्थित तीन दुकानों पर भी आग लगी थी। जिसके कारण इन दुकानदारों का भी करीब 20 से 25 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया था।
पीड़ित ने की मुआवजे की मांग
आग लगने के बाद पीड़ित गोदाम मालिक महेश चौधरी ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। पीड़ित ने बताया कि इससे उसको काफी नुकसान हुआ है। इसलिए उसको सरकार द्वारा मुआवजा दिलाया जाए।