टोल प्लाजा कर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद को लेकर स्थानीय जाट भवन धर्मशाला में रविवार को सर्व-समाज खापकी पंचायत आयोजित हुई। पंचायत समाजसेवी सुधीर चौधरी की देखरेख में ठेकेदार हरद्वारी लाल की अध्यक्षता में हुई। पंचायत में आस पड़ोस गांवों से आए अनेकों लोग मौजूद रहे। पंचायत में टोल प्लाजा के तत्कालीन ठेकेदार को भी बुलाया गया और पुलिस में दर्ज करवाई गई शिकायत बाबत विस्तार से चर्चा हुई।
पंचायत में मौजूद लोगों ने तत्कालीन ठेकेदार मुकेश सिंगला से कहा कि इस बात को तूल देने कि बजाय आपसी भाईचारे को देखते हुए इस मुद्दे को विराम दिया जाए, ताकि ग्रामीण चैन कि सांस ले सके। वहीं मौके पर हालिया ठेकेदार कुलदीप कलवाड़ी ने पंचायत में कहा कि उनकी इस इलाके के लोगों के साथ पूरी हमदर्दी है और लोकल जनता को राहत देने का एलान किया।
बता दें कि गत 15 मार्च को गांव सिरोही बहाली के निकट राजमार्ग 148बी पर बने टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों से जबरन टोल वसूली की गई तो लोगों ने इसका विरोध किया, क्योंकि शुरुआती दौर में टोल ठेकेदार ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया था कि टोल के समीप लगते पांच किलोमीटर के दायरे में बसे गांव के लोगों को टोल में छूट दी जाएगी। वहीं ठेकेदार के दिये आश्वासन को दरकिनार करते उनके कारिंदों ने स्थानीय लोगों से जबरन टोल वसूली शुरू कर डाली। जिससे गांव मोहनपुर के लोगों का झगड़ा हो गया। इस झगड़े में दो लोगों को गंभीर चोटें भी आई थी। टोलकर्मियों के खिलाफ मामले की शिकायत स्थानीय थाने में भी दर्ज हुई।