मंडी अटेली। ग्राम पंचायत की जमीन को अवैध रूप से पट्टे पर देने व पंचायत संपत्ति की सुरक्षा में लापरवाही बरतने के मामले में उपायुक्त अनुपमा अंजलि ने उनिंदा के सरपंच शीशपाल को निलंबित कर दिया है। उपायुक्त ने सरपंच शीशपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।
संबंधित भूमि खेवट नंबर 234, खतौनी नंबर 278 और रकबा 23 कनाल 11 मरला है। आरोप है कि सरपंच ने पंचायत की इस जमीन को नियमों के खिलाफ पट्टे पर दे दिया।
इस संबंध में 25 सितंबर को व्यक्तिगत सुनवाई के दौरान भी सरपंच आरोपों के संबंध में कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। उपायुक्त के जारी आदेशों में पंचायत संपत्ति की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
उपायुक्त के आदेश में सरपंच को पंचायत की चल-अचल संपत्ति का चार्ज पंच को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। निलंबन अवधि में वे पंचायत की किसी भी कार्रवाई में भाग नहीं ले सकेंगे। इससे पहले सरपंच को 24 सितंबर को अपना स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया था लेकिन उपायुक्त ने उसे असंतोषजनक पाया। इसके बाद ही कार्रवाई की गई है।
पंचायत अधिकारी पूरण चंद ने बताया कि सरपंच पर लगे आरोप सही पाए गए हैं और उन्हें निलंबित कर दिया गया है। साथ ही अब पंचायत का कार्यभार पंच की ओर से देखा जाएगा।