महेंद्रगढ़। गांव पाली में ग्राम पंचायत पाली और एक्स सर्विसमैन लीग पाली की ओर से पहलगांव में हुए आतंकी हमले की निंदा की गई है। रोष प्रदर्शन करते हुए गांव के मुख्य बस स्टैंड पर पांच मीटर काला कपड़ा जलाकर पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
गांव पाली सरपंच देशराज फौजी ने बताया कि 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगांव में हुए आतंकी हमले में 28 लोगों की मौत हो गई तथा 10 से अधिक लोगों हालत गंभीर बनी हुई है। लोगों ने कहा कि पड़ोसी देश अपने रवैये से बाज नहीं आ रहा है। सरकार भारतीय सेना को खुली छूट दे ताकि मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके। गांव में करीब 250 पूर्व सैनिक हैं जो सीमा पर लड़ने के लिए तैयार हैं। घटना को लेकर गांव पंचायत घर में शोक सभा की गई। शोक सभा में मारे गए लोगों को दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धाजंलि दी गई। उसके बाद रोष प्रदर्शन करते हुए बस स्टैंड पर काला कपड़ा जलाकर राष्ट्रपति व भारत सरकार के नाम एसडीएम अनिल कुमार को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर सूबेदार रामकृष्ण, कैप्टन विक्रम सिंह, कैप्टन कृष्ण सिंह, प्रेम फौजी, मास्टर कैलाश, पूर्व डीएसपी सवाई सिंह, बाबा जयराम दास मंदिर कमेटी के प्रधान भंवर सिंह यादव सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
वहीं विहिप ने सतनाली में जम्मू कश्मीर के पहलगांव में हुए आतंकी हमले को लेकर प्रदर्शन किया। सरकार से आतंकी का मुंहतोड जवाब देने की मांग की गई है। विहिप के जिला सहमंत्री प्रवीण ने बताया कि 22 अप्रैल को पहलगांव में आतंकी हमला हुआ उसमें 28 हिंदू मारे गए थे। इसको लेकर सतनाली क्षेत्र के लोग एकत्रित होकर जोरदार प्रर्दशन की शुरूआत माता जमुवाए मंदिर से शुरू होकर कपड़ा मार्केट, रेलवे स्टेशन रोड़, एचडीएफसी बैंक, उपतहसील में होते हुए लुहारू चौक पहुंचे जहां पर पाकिस्तान के मुर्दाबाद के नारे लगाकर पाकिस्तान का पुतला जलाया गया।
उन्होंने बताया की इन हमलों में आमजन के साथ बर्बरता हुई है। अब समय आ गया है। कि भारतीय सेना को आतंक का सफाया करने लिए खुली छूट देनी चाहिए। इस बर्बरता पूर्वक किए गए हमले से हर वर्ग में उबाल है। इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद कुमार, अजय मोनू शेखावत, अलोेक अग्रवाल, संतु शेखावत, ओमप्रकाश डागर, जय सिंह, रवि, इन्द्रराज, जितेन्द्र अग्रवाल, महिपाल सिंह, बिन्टू गुर्जर, सुदर्शन शर्मा, रमाकान्त, सुनील आदि मौजूद रहे।