मौके पर युवाओं से बातचीत करती पुलिस--स्रोत- सोशल मिडिया
महेंद्रगढ़। गोशाला प्रबंधन की ओर से मृत गोवंश को खुले में डालने की सूचना के बाद बजरंग दल व गोरक्षा दल के युवा मोदाश्रम के पीछे जंगल में पहुंचे।
युवाओं ने छह गोशालाओं का दौरा कर प्रबंधन को चेतावनी दी कि मृत गोवंश की दुर्गति की तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। युवाओं ने मौके पर पहुंची डायल 112 टीम को शहर थाना प्रभारी के नाम एक शिकायत भी दी। युवाओं ने छह गोशालाओं पर मृत गोवंश को खुले में फेंकने का भी आरोप लगाया।
बजरंग दल व गोरक्षा दल से जुड़े गौरव खुडाना, संदीप जेलदार जिला गोरक्षा प्रमुख, अविनाश सैनी, धर्मेंद्र, संदीप आकोदा, तनुज सतनाली सहित अन्य युवाओं ने मोदाश्रम के पीछे जंगल में खुले में डाले गोवंश पर गोशाला प्रबंधन को चेतावनी दी। रविवार सुबह युवाओं ने मौके पर पहुंचकर 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को लिखित शिकायत देकर गोवंश की दुर्गति करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
युवाओं का कहना है कि क्षेत्र की छह गोशालाओं की ओर से मृत गोवंश को खुले में डाला जा रहा है। साथ ही गोशाला प्रबंधन समितियों के सदस्य एक-दूसरे पर खुले में गोवंश डालने का आरोप लगा रहे हैं। मौके पर गोशाला प्रधानों एवं समिति सदस्यों को बुलाया गया। गोशाला धोलपोश के प्रधान ने जिम्मेदारी ली कि आगे से गोवंश को खुले में नहीं डाला जाएगा। साथ ही युवाओं ने कहा कि सभी गोशाला शहर में बेसहारा घूम रहे गोवंश को भी शरण देने के लिए आगे आए। युवाओं की मांग पर गोशाला धोलपाेश के प्रधान ने 100 बेसहारा गोवंश को शरण देने का आश्वासन दिया। युवाओं का कहना है कि वह किसी भी सूरत में गोवंश की दुर्गति नहीं होने देंगे। आगे से मृत गोवंश को खुले में डालने वाली गोशालाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दल के सदस्यों ने पुलिस से सभी गोशालाओं को नोटिस देकर खुले में गोवंश डालने पर कार्रवाई का नोटिस देने की मांग की।