महेंद्रगढ़। शहर में बेसहारा गोवंश की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका गोशालाओं में पशुओं को पहुंचाने की योजना बना रही है। इस बीच गोशाला संचालकों ने जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि वे गोवंश रखने से इन्कार नहीं कर रहे लेकिन नए पशुओं के लिए नगर पालिका को भी कुछ व्यवस्थाएं करनी चाहिए।
शहर क्षेत्र के पास करीब पांच गोशालाएं हैं जिनकी क्षमता 800 से अधिक गोवंश रखने की है। इनमें श्रीगोशाला, श्रीगोपाल गोशाला बुचियावाली, धोलपोश गोशाला, बेसहारा गोवंश चिकित्सालय और जाटवास मोड़ के समीप एक चिकित्सालय शामिल हैं।
चारा, पानी और शेड जैसी व्यवस्थाएं गोशालाएं अपने स्तर पर और दानदाताओं के सहयोग से कर रही हैं। सरकार की ओर से नियमित आर्थिक सहायता नहीं मिलने से व्यवस्थाएं जुटाना चुनौती बना हुआ है।
संचालकों के अनुसार वर्ष 2025 में भी शहर से बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में पहुंचाया गया था। अब वही स्थिति फिर बन गई है और गोवंश मुख्य मार्गों, बाजारों और चौक-चौराहों पर घूम रहे हैं।
बिना टैगिंग के पशुओं को छोड़ना भी बड़ी समस्या है, क्योंकि इससे पता नहीं चलता कि पशु किस गोशाला या स्थान से छोड़ा गया। उन्होंने नगर पालिका से टैगिंग व्यवस्था अनिवार्य करने की मांग की।
बुचियावाली गोशाला के प्रधान नवीन राव और श्रीगोशाला के महासचिव तरुण कुमार ने कहा कि नगर पालिका केवल पशुओं को गोशाला पहुंचाने तक सीमित न रहे, बल्कि चारे, पानी, उपचार और शेड में भी सहयोग करे। पशुओं की संख्या के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही पशुओं को छोड़ने से पहले चिकित्सक की सलाह जरूर ली जाए।
......................
सब्जी मंडी में सांडों का झुंड बैठा रहता है और कई बार लड़ते हुए दुकानदारों के ठेले पलट देते हैं। इससे काफी नुकसान होता है। इससे छुटकारा मिलना चाहिए।
-रामनिवास, दुकानदार, सब्जी मंडी
.................
बिना टैगिंग पशुओं को छोड़ना नगर पालिका को ही भारी पड़ रहा है। पशु गोशालाओं से बाहर निकल जाते हैं और फिर कोई अंदर नहीं करता। टैग हो तो स्कैन करके पता लगाया जा सकता है।-रणजीत, बास मोहल्ला
...............
नगर पालिका को गोशाला संचालकों से बातचीत कर गोवंश गोशाला भेजना चाहिए और समय पर जांच करनी चाहिए, ताकि कोई गोवंश बाहर न निकले।
-रोहताश तिवाड़ी, वार्ड 11
............
गलियों में सांड खड़े हो जाते हैं तो जाम लग जाता है। महिलाएं-बच्चे वहां से गुजरने से डरते हैं। नगर पालिका को संज्ञान लेना चाहिए।-अमित, पड़ाव मोहल्ला
वर्जन
गोशाला संचालकों से बातचीत की जाएगी और बैठक कर जल्द बेसहारा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संचालकों से बातचीत कर सभी गोशालाओं में क्षमता के अनुसार गोवंश छोड़े जाएंगे।
-रमेश सैनी, प्रधान, नगर पालिका, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:67- डुलाना रोड पर बैठे बेसहारा गोवंश--संवाद
फोटो संख्या:67- डुलाना रोड पर बैठे बेसहारा गोवंश--संवाद
फोटो संख्या:67- डुलाना रोड पर बैठे बेसहारा गोवंश--संवाद
फोटो संख्या:67- डुलाना रोड पर बैठे बेसहारा गोवंश--संवाद
फोटो संख्या:67- डुलाना रोड पर बैठे बेसहारा गोवंश--संवाद