राज्य परिवहन निदेशालय हरियाणा की तरफ से प्रदेश के सभी महाप्रबंधक को कैश शाखा में खुल्ले रुपये (सिक्के) रखने के आदेश के बाद भी परिचालकों को नहीं मिल रहे हैं। इससे परिचालकों को सवारियों को खुल्ले रुपये देने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
16 फरवरी 2023 को कैश शाखा में 5000 खुल्ले रुपये उपलब्ध करवाने के आदेश जारी किए गए थे। अब आदेश के बाद भी नारनौल डिपो की कैश शाखा में परिचालकों को खुल्ले रुपये नहीं मिल रहे हैं।
नारनौल डिपो प्रधान अनिल भीलवाड़ा ने बताया कि मुख्यालय चंडीगढ़ ने पिछले साल परिचालकों की खुल्ले रुपये की समस्या का समाधान करते हुए सभी महाप्रबंधकों को आदेश दिए थे कि वे कैश ब्रांच में प्रतिदिन 5000 रुपए के सिक्के परिचालकों के लिए उपलब्ध करवाएं। जिससे परिचालकों को टिकट काटते समय खुल्ले रुपये की समस्या का सामना नहीं करने पड़े। इनकी पालना कुछ समय के लिए तो की गई थी लेकिन अब यह आदेश सिर्फ कागजों तक सीमित रह गए हैं। वर्तमान में परिचालकों को खुल्ले रुपये उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे हैं। इसके कारण परिचालकों को खुल्ले रुपये ब्लैक में लेने पड़ रहे हैं। ब्लैक में खुल्ले रुपये लेने के कारण परिचालकों को प्रति महीना 2000 से 3000 रुपए तक का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।