रेलवे ने गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की सुविधा के लिए साबरमती-हरिद्वार-साबरमती (05 ट्रिप) द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन शुरू कर रहा है। यह ट्रेन रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, दिल्ली सहित अनेक स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन का नारनौल रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव होगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 09425 साबरमती-हरिद्वार द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 31 मई से 14 जून तक साबरमती से प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को 18.45 बजे रवाना होकर अगले दिन 19.00 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09426 हरिद्वार-साबरमती द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा एक जून से 15 जून तक हरिद्वार से प्रत्येक शनिवार और मंगलवार को 21.45 बजे रवाना होकर अगले दिन 22.30 बजे साबरमती पहुंचेगी। यह रेल सेवा मार्ग में महेसाना, पालनपुर, आबूरोड, पिण्डवाड़ा, जवाई बांध, फालना, रानी, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, नारनौल, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर और रूड़की स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में 2 थर्ड एसी, 12 द्वितीय शयनयान, 2 साधारण श्रेणी व 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 18 डिब्बे होंगे।
नारनौल में दो मिनट का होगा ठहराव
साबरमती से शुक्रवार व सोमवार को 18.45 बजे हरिद्वार के लिए रवाना होगी। जो हरिद्वार शनिवार व मंगलवार को 19.00 बजे पहुंचेगी। इस दौरान नारनौल में 09.30 बजे पहुंचेगी और 09.32 पर रवाना होगी। वहीं हरिद्वार से साबरमती के लिए हर रविवार व बुधवार को 22.30 बजे रवाना होगी, जो नारनौल 06.40 बजे पहुंचेगी और 06.42 पर रवाना होगी। नारनौल में यह ट्रेन दो मिनट के लिए ठहराव करेगी।