फोटो नंबर-01बगैर फोग लाइट के खड़ी रोडवेज बस। संवाद
नारनौल। सर्दी का मौसम शुरू हो गया है। कुछ दिनों में सर्दी बढ़ने और कोहरा पड़ने की संभावना जताई जा रही है। इसी के मद्देनजर अमर उजाला की टीम ने बस स्टैंड का जायजा लिया।पाया कि अधिकतर बसों में अभी तक फाॅग लाइट नहीं लगाई गई है।
इस संबंध में जब मुख्य निरीक्षक ब्रह्मप्रकाश से बात हुई तो उन्होंने बताया कि डिपो में 126 बसें रोडवेज की हैं और 20 बसें लीज की हैं। ऐसे में रोडवेज की 60 बसों में फाॅग लाइट लगा दी गई है। शेष बसों में लाइटें लगाने का कार्य जारी है। इसके अलावा लीज पर चल रही बसों के मालिकों को आदेश जारी कर फॉग लाइट लगवाने के आदेश एक दो दिन में दिए जाएंगे।
मुख्य निरीक्षक ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर जिन बसों के खिड़की दरवाजे जाम थे या ठीक से काम नहीं कर रहे थे, उन सभी 45 बसों को वर्कशॉप में ले जाकर सभी के खिड़की दरवाजे दुरुस्त करवाए गए हैं। अब यात्रियों को सर्द मौसम में सफर के दौरान किसी प्रकार की मुसीबतों से दो चार नहीं होना पड़ेगा।इसी के साथ लीज पर ली गई 20 बसों के मालिकों को भी आदेश जारी कर दिए गए हैं कि वे भी बसों के खिड़की व दरवाजों को अच्छे से जांच कर, उन्हें ठीक करवाएं, ताकि आवागमन करने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।
वर्जन:
गाड़ियों में फॉग लाइटें लगवाने का कार्य चल रहा है। काफी बसों में लाइटें लगवा दी गई है। एक दो दिनों में बची बसों में भी लाइटें लगवा दी जाएगी।-अनित कुमार, महाप्रबंधक रोडवेज