कलेक्टर रेट को लेकर केवल 4 आपत्तियां आई हैं। इन आपत्तियों को समिति सुनेगी। जिसके बाद इन पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। एक अप्रैल से नए कलेक्टर रेट लागू हो जाएंगे। जिसमें नारनौल, कनीना में कलेक्टर रेट 65 प्रतिशत तक बढ़ जाएंगे। महेंद्रगढ़ शहर में कलेक्टर रेट में किसी तरह के बदलाव का प्रस्ताव नहीं है।
जिला प्रशासन ने एक अप्रैल 2021 से लागू होने वाले कलेक्टर रेट की प्रस्तावित सूची आम नागरिकों को उपलब्ध कराते हुए इस पर आपत्तियां- सुझाव मांगे थे। 15 दिसंबर 2020 को कलेक्टर रेट जिला प्रशासन की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई थी। जिसमें 15 जनवरी तक आपत्तियां सुझाव आमंत्रित किए गए थे। बाद में इसे बढ़ाते हुए 31 जनवरी तक कर दिया गया था।
आपत्तियां और सुझाव लेने के लिए जिला प्रशासन ने गांवों में मुनादी भी कराई थी। जिले में कलेक्टर रेट को लेकर केवल 4 आपत्तियां- सुझाव ही आए हैं। नियम अनुसार अब जिलास्तरीय एक समिति इन सुझावों को सुनेगी। उसके बाद इनका निपटारा किया जाएगा। नए कलेक्टर रेट एक अप्रैल 2021 से लागू किए जाएंगे। जो 31 मार्च 2022 तक प्रभावी रहेंगे। जिले में नारनौल तथा कनीना में कलेक्टर रेट बढना तय है। जिसमें करीब 65 प्रतिशत तक का इजाफा किया जाएगा। महेंद्रगढ़ शहर में कलेक्टर रेट में बदलाव नहीं होगा।
कलेक्टर रेट का किस तरह से होगा असर
जब आप कोई प्रॉपर्टी खरीदते हैं तो सरकार उस पर टैक्स लेती है। यह टैक्स कलेक्टर रेट पर लिया जाता है। हर एक एरिया का कलेक्टर रेट हर साल तय होता है। अगर कलेक्टर रेट कम होगा तो आपको कम टैक्स देना होगा। अगर कलेक्टर रेट ज्यादा होगा तो ज्यादा टैक्स अदा करना होगा। किसानों की जमीन अधिग्रहण के समय कलेक्टर रेट के हिसाब से मुआवजा दिया जाता है।
प्रशासन को मिली आपत्तियां
1 नांगल चौधरी के जैनपुर गांव से लोगों ने कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी की मांग की है।
2 नारनौल के कोरियावास के लोगों ने कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी के लिए सुझाव दिया है।
3 अधिकवक्ताओं ने नारनौल तथा अटेली क्षेत्र के लोगों को कलेक्टर रेट में छूट की मांग की।
4 बाछोद, मिर्जापुर से भी कलेक्टर रेट साथ वाले गांवों की तरह से करने की मांग की है।
वर्जन
जिला प्रशासन ने कलेक्टर रेट को वेबसाइट पर उपलब्ध कराते हुए इस पर सुझाव-आपत्तियां मांगे थे। जिसमें गांवों में मुुनादी भी कराई गई थी। 31 जनवरी तक आपत्तियां-सुझाव मांगे थे। कुल चार आपत्ति-सुझाव ही आए। नियमों के अनुसार समिति इनकी सुनवाई करेगी। जिसके बाद आगामी फैसला लिया जाएगा।
राजकुमार, जिला राजस्व अधिकारी, नारनौल।